एएसपी ने की व्यापारियों के साथ बैठक : समस्याओं के निराकरण का दिया आश्वासन

फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। पुलिस लाइन सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक के व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें दीपावाली पर सावधानी पूर्वक पटाखे फोड़ने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही संडे बाजार के लिए स्थान का चयन और व्यापारियों की सुरक्षा तथा कानून व्यवस्था को बनाए रखने में आम नागरिकों की भूमिका के बारे में चर्चा की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक डा. संजय कुमार ने मौजूद व्यापारी नेताओं से कहा कि कानून व्यवस्था को बनाने में व्यापारी समाज का बड़ा योगदान होता है। वे सुझाव दें कि किस तरह से शहर को सुरक्षित रखा जा सकता है। इसके साथ ही शहर में नागरिकों को होने वाली समस्याओं से उन्हें निजात दिलाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार अगर कोई व्यापारियों को परेशान करता है तो उसकी शिकायत तत्काल सीधे-सीधे उनसे की जा सकती है। व्यापारियों को परेशान करने वालों की खैर नहीं होगी।
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल प्रतिनिधि मंडल के प्रांतीय सह मीडिया प्रभारी एवं प्रदेश संयुक्त मंत्री मुकेश गुप्ता ने कहा कि लोगों को निर्देशित किया जाए कि मुख्य मार्ग पर पटाखे ना छुड़ाएं क्योंकि मुख्य मार्ग पर पटाखे छूटने से विभिन्न घटनाएं होती हैं। वह आगे नहीं होने का डर बना रहता है। गलियों में पटाखे छुड़ाए जाने चाहिए। उन्होंने प्रतिबंधित पटाखे को ना छुड़ाने की भी अपील की। शहर में लगने वाले जाम की समस्या को वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजीव गौतम ने उठाया। महिला व्यापार मंडल की जिला अध्यक्ष सोनी शुक्ला ने भी महत्वपूर्ण समस्याएं उठाईं। फतेहगढ़ नगर अध्यक्ष रविकांत गुप्ता ने फतेहगढ़ में व्यापारियों को होने वाली समस्याओं पर चर्चा की। तरीके से व्यापार मंडल के प्रतिनिधि के रूप में व्यापारी नेताओं ने समस्याओं की चर्चा की। अपर पुलिस अधीक्षक डा. संजय कुमार ने व्यापारियों की मांग पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि व्यापारी अपने स्तर से भी सीसीटीवी कैमरे लगाएं और वह नगर पालिका से भी कहेंगे कि आम स्थान पर नगर पालिका सीसीटीवी कैमरे लगवाएं ताकि सुरक्षा और भी अच्छे तरीके से हो सके। बैठक में व्यापार मंडल के सभी गुटों, उद्योग मंच, व्यापार फेडरेशन व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भागीदारी की।