बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। तिर्वा विधायक, जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने स्थानीय बोर्डिंग ग्राउंड परिसर में बीते दस दिनों से चल रहे स्वदेशी मेले का समापन किया।
बोर्डिंग ग्राउंड में आयोजित स्वदेशी मेला का समापन तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत, जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति एवं सांस्कृतिक रंगों से ओतप्रोत अनेक मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं।
इस अवसर पर अनुष्का दुबे एवं मोनी ने देशभक्ति गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। रीना कौर, राधा सिंह और नैंसी ने समूह नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि नव्या दुबे ने देशभक्ति गीत की सोलो प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। सभी कलाकारों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वदेशी मेले के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों तथा पत्रकार बंधुओं को भी अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।अपने संबोधन में विधायक तिर्वा कैलाश राजपूत ने कहा कि प्रदेश के सभी जनपदों में स्वदेशी मेलों का आयोजन स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “विकसित भारत 2047 का सपना तभी साकार होगा जब हम स्वदेशी वस्तुओं को अपनाकर ‘हर घर स्वदेशी–घर घर स्वदेशी’ का संकल्प पूरा करेंगे।”
उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में 2017 के बाद कानून का राज स्थापित हुआ है; अपराधियों के लिए अब प्रदेश में कोई स्थान नहीं बचा है। जो अपराधी सुधार नहीं करते, वे या तो जेल में हैं, प्रदेश छोड़ चुके हैं, या फिर परलोक को प्राप्त हो चुके हैं। अब कोई भी व्यक्ति यदि बहन-बेटी के सम्मान से खिलवाड़ करेगा तो उसे सीधे यमराज के पास स्थान मिलेगा।”
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने अपने संबोधन में कहा कि स्वदेशी मेला स्थानीय उत्पादकों को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ कृषि, शिक्षा, परिवहन सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुँचाने का प्रभावी माध्यम सिद्ध हुआ है। उन्होंने बताया कि मेले में विभिन्न विभागों द्वारा जागरूकता गोष्ठियाँ आयोजित की गईं तथा योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए, जिससे जनता को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग धनंजय सिंह, जिला समन्वयक अजय यादव, जिला दिव्यांग कल्याण अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पर्यटन अधिकारी सहित अनेक अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

