बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के निर्देशन में संपूर्ण समाधान दिवस तिर्वा तहसील में सम्पन्न हुआ।
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में तहसील तिर्वा में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर कुल 70 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 17 प्रकरणों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शेष 53 शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके त्वरित एवं संतोषजनक निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि “विगत माह की अपेक्षा इस माह आई.जी.आर.एस. रैंक में गिरावट आई है, जो अत्यंत चिंताजनक है। सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए।”
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ऐसे 186 संदर्भ, जो 23 अक्टूबर पर डिफाल्टर हो रही हैं, उनका आज सायं तक हर हाल में निस्तारण कर दिया जाए। अन्यथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि सीएम हेल्पलाइन, थाना दिवस, 1076 पोर्टल आदि पर प्राप्त संदर्भों का निस्तारण शासन की भावना के अनुरूप समय पर और गुणवत्तापूर्ण रूप से किया जाना चाहिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि संविदा कर्मियों के वेतन भुगतान में अनावश्यक विलंब न हो। जिन विभागों द्वारा अभी तक वेतन नहीं किया गया है, वे आज का आज ही भुगतान सुनिश्चित करें, क्योंकि आज वर्किंग डे है। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन लेखपालों के क्षेत्रों से अधिक शिकायतें प्राप्त हुई हैं, उनकी सूची तत्काल प्रस्तुत की जाए।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि जिन कृषकों की खतौनी में त्रुटियाँ पाई गई हैं, उन्हें अभियान चलाकर यथाशीघ्र सही कराया जाए। उन्होंने कृषकों से फार्मर रजिस्ट्री समय से पूर्ण करवाने का आग्रह किया, जिससे उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त हो सके। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने 5 कृषकों को संशोधित खतौनी वितरण एवं 08 पंजीकृत किसानों को चना एवं सरसों बीज वितरण किट प्रदान कीं, जिससे जिले में तिलहन एवं दलहन उत्पादन को बढ़ावा मिल सके।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न की जाए। उन्होंने कहा कि “संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य जनता को राहत प्रदान करना है, अतः प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, प्रभावी एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।”
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी हेमंत सेठ, जिला विकास अधिकारी नरेंद्र देव द्विवेदी, उपजिलाधिकारी तिर्वा राजेश कुमार, तहसीलदार तिर्वा सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

