प्रभारी मंत्री ने बैठक कर प्रेस को दी जानकारी
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिले की प्रभारी मंत्री, राज्यमंत्री उच्च शिक्षा, रजनी तिवारी ने कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर एक भारत, आत्मनिर्भर भारत अभियान के आयोजन के संबधं में अधिकारियों के साथ बैठक एवं प्रेस प्रतिनिधियों के साथ वार्ता कर विस्तृत जानकारी दी।
इस दौरान मंत्री ने बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों के द्वारा बनायी गयी सरदार वल्लभभाई पटेल विषयक रंगोली का अवलोकन कर सराहना की तथा सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व पर आधारित प्रर्दशनी का अवलोकन किया। इस दौरान मंत्री ने स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तिकरण योजना के अर्न्तगत गौतमबुद्व बालिका डिग्री कालेज, की छात्रा सपना राजपूत, पारूल देवी व मुस्कान को टेबलेट वितरित कर सम्मानित किया।
मंत्री ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयन्ती के अवसर पर विकसित भारत पदयात्रा आयोजित की जा रही हैं, जिसका उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय गौरव जगाना, समाज के प्रति जिम्मेदारी को बढ़ाना और एकता की भावना को मजबूत करना हैं, यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन भागीदारी से राष्ट्र निर्माण के विजन से प्रेरित हैं। इस पहल के तहत 6 अक्टूबर 2025 को सरदार150 यूनिटी मार्च की शुरूआत की हैं, यह भारत सरकार और माई भारत की पहल हैं। जो लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयन्ती को समर्पित हैं।
उन्होनें कहा कि कार्यक्रम की अच्छी रूप रेखा तैयार कर कार्यक्रम का आयोजन किया जाये। यह कार्यक्रम संसद, विधानसभा क्षेत्र से लेकर ग्राम पंचायत तक आयोजित कराये जाये। इन कार्यक्रमों को भव्यता देने का कार्य किया जाये। जहां पर कार्यक्रम का आयोजन हो वहां पर कानून व्यवस्था, अनुशासन, स्वच्छता आदि देखने को मिलना चाहिए। कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल एवं अन्य महापुरूषों की मूतिर्यां की साफ-सफाई हो जानी चाहिए। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कहा कि जिला एंव तहसील स्तर पर पदयात्रा निकाली जायेगी। इस पदयात्रा के सफल संचालन में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगरीय निकाय आदि की महती भूमिका रहेगी। उन्होनें कहा कि सभी पंजीकरण और गतिविधियां माई भारत पोर्टल पर हो रही हैं। युवाओं से आग्रह है कि वह इस ऐतिहासिक पहल में जुडे़ और सक्रिय भागीदारी करें।
कार्यक्रम के दौरान विधायक तिर्वा कैलाश राजपूत, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) आशीष कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, जिला युवा कल्याण अधिकारी सागर माहेश्वरी सहित अन्य संबधित अधिकारी उपस्थित रहे।
