कन्नौज : फॉर्मर रजिस्ट्री नहीं कराई तो किसान सम्मान निधि होगी बन्द: डीएम

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।   जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में फैमिली आईडी, किसान सम्मान निधि योजना एवं फॉर्मर रजिस्ट्री तथा जीरो प्रॉपर्टी की आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि किसान भाई अपनी फार्मर आई०डी० (रजिस्ट्री) शीघ्र बनवाना सुनिश्चित करें। जिन्होंने फॉर्मर रजिस्ट्री नहीं करवाई, उनकी एक जनवरी के बाद किसान सम्मान निधि मिलना  बन्द हो जायेगी। अतः सभी किसान भाई समय रहते अपनी फार्मर आई०डी० बनवाकर शासन की योजनाओं लाभ प्राप्त करें।

उन्होंने बताया कि किसान अपनी फार्मर आई०डी० रजिस्ट्री अपने नजदीकी जन सेवा केंद्र पर करवा सकते हैं। पंजीकरण हेतु किसानों को खतौनी की प्रति, आधार कार्ड की प्रति, एवं आधार से लिंक मोबाइल नम्बर जैसे आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर जाना होगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि फार्मर आई०डी० बनवाना प्रत्येक पात्र किसान के लिए अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि यह आगामी समय में कृषि विभाग की सभी योजनाओं एवं अनुदानों का प्रमुख आधार बनने जा रही है। फार्मर आई०डी० के माध्यम से किसानों को कृषि निवेश अनुदान, बीज वितरण, उर्वरक अनुदान, फसल बीमा, तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे एवं पारदर्शी रूप से प्राप्त होगा।

जिलाधिकारी ने जनपद के सभी खण्ड विकास अधिकारियों, उपजिलाधिकारियों एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र में किसानों को जागरूक करने हेतु विशेष प्रचार अभियान संचालित करें। प्रत्येक ग्राम पंचायत में फार्मर आई०डी० रजिस्ट्री शिविर आयोजित किए जाएँ, ताकि कोई भी पात्र किसान इस प्रक्रिया से वंचित न रह सके।उन्होंने बताया कि शासन द्वारा जनपद कन्नौज में कुल 2,60,656 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बनाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके सापेक्ष अब तक 1,30,481 किसानों की रजिस्ट्री पूर्ण की जा चुकी है।  वर्तमान में प्रदेश का औसत 53.74 प्रतिशत है,जबकि जनपद कन्नौज का 50.01 प्रतिशत है, जिसे सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मिलकर शीघ्रता से प्रदेश के औसत से अधिक करने का प्रयास करें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) आशीष कुमार सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/ उप जिलाधिकारी सदर सुश्री वैशाली, प्रशिक्षु आई0ए0एस0 अर्पित कुमार, उपायुक्त मनरेगा  दिनेश यादव, उप निदेशक कृषि संतोष कुमार सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।