डीएम एसपी ने परखीं कार्तिक पूर्णिमा स्नान की तैयारियां

फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने सोमवार को श्रंगीरामपुर घाट पहुंचकर आगामी कार्तिक पूर्णिमा स्नान की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाट और आसपास के क्षेत्रों का गहन अवलोकन करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी सदर को निर्देशित किया कि गंगा तट पर गोताखोर, नाविक, वोट, पीने के पानी, मोबाइल टॉयलेट और चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने घाट और रास्ते में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के लिए जनरेटर व पीए सिस्टम लगाने के भी निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने मेडिकल कैंप लगाने, एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने और घाट तक जाने वाले रास्ते की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर, ईओ जिला पंचायत, खंड विकास अधिकारी कमालगंज सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।