बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने तहसील तिर्वा स्थित मतदाता पंजीकरण कक्ष का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई कमियाँ पाए जाने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी तिर्वा ने अवगत कराया कि बीआरसी छिबरामऊ के असगर खान द्वारा निर्वाचन कार्य किया जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए निर्देश दिए कि निर्वाचन कार्य में केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि अधिकाधिक कर्मचारियों को सक्रिय रूप से लगाया जाए, ताकि कार्य की गति तेज़ हो और शत-प्रतिशत लक्ष्य समय पर प्राप्त हो सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विधानसभा तिर्वा में लगभग 3.78 लाख मतदाता हैं, जिनमें बूथ संख्या 1 से 38 तक की गणना प्रपत्रों को प्रिंट करवा कर कल तक हर हाल में शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया निर्वाचन कार्य केवल BLO ऐप के माध्यम से ही किया जाए, ताकि पारदर्शिता एवं सटीकता बनी रहे।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक एईआरओ को स्पष्ट लक्ष्य दिया जाए और सभी अधिकारी प्रतिदिन की एक्टिविटी की फोटो एवं रिपोर्ट सोशल मीडिया कैंपेन पर अपलोड करें, ताकि कार्य की रियल-टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो सके। जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में कहा कि जनता के विश्वास को बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, अतः सभी अधिकारी बिना किसी दबाव या पक्षपात के निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से कार्य करें।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी ट्विटर अकाउंट पर पूरी तरह सतर्क रहें, और यदि कोई शिकायत या टिप्पणी प्राप्त होती है तो 3 घंटे के भीतर उसका निस्तारण अवश्य किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर गंदगी देखकर गहरा असंतोष व्यक्त किया और तहसीलदार को फटकार लगाते हुए तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “कार्यालय की स्वच्छता कार्य संस्कृति का दर्पण होती है, इसे किसी भी दशा में नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता।”
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक दशा में कार्य की गुणवत्ता सर्वोत्तम होनी चाहिए, क्योंकि निर्वाचन कार्य केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं बल्कि लोकतंत्र के प्रति ईमानदारी और जनविश्वास की कसौटी है।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी तिर्वा राजेश कुमार, तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

