बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिला शिक्षा समिति के पदेन अध्यक्ष जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने हंसापुर ग्राम शिक्षा समिति के उस प्रस्ताव को अंजमोदित कर दिया जिसमें प्राथमिक स्कूल हंसापुर की शिक्षामित्र कंचन तोमर की संविदा सेवा समाप्त करने का प्रस्ताव किया गया था।
एसडीएम तिर्वा राजेश कुमार व बीएसए संदीप कुमार की ओर से कार्रवाई का पत्र मिलने के बाद बीईओ उमर्दा विपिन कुमार ने मंगलवार को ग्राम पंचायत किनौरा के प्रधान से मुलाकात की। साथ ही ग्राम शिक्षा समिति के सभी सदस्यों से शिक्षामित्र को पद से हटाने के प्रस्ताव पारित करवाया। उसके बाद पत्रावली बीएसए को भेजी गई।
ग्राम शिक्षा समिति के प्रस्ताव को अग्रसारित करते हुए खण्ड शिक्षाधिकारी ने शिक्षामित्र कंचन तोमर की संविदा सेवा समाप्ति की अनुशंसा की और बीएसए ने इस पत्रावली को जिलाधिकारी के पास अनुमोदन के लिए भेज दिया। जिलाधिकारी ने आज इस पत्रावली को अपना अनुमोदन दे दिया और शिक्षामित्र की संविदा सेवा समाप्त हो गयी।
घटनाक्रम के मुताबिक तिर्वा तहसील में जाकर शिक्षामित्र ने बीएलओ ड्यूटी को लेकर लेखपाल अमित राजपूत को पीट दिया था।
इससे पहले मोबाइल पर अपशब्दों का प्रयोग कर पीटने व जेल भिजवाने की धमकी भी दी थी। इसका ऑडियो भी वायरल हुआ है। मामले में आरोपी शिक्षामित्र पर 05 धाराओं में रिपोर्ट भी दर्ज हो चुकी है।

