वंदे मातरम् के 150 वर्ष पर फतेहगढ़ पुलिस लाइन में गूंजा राष्ट्रगीत

‘‘पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने दिलाई देशभक्ति की प्रेरणा‘‘
फर्रुखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो)।
आजादी के अमर प्रतीक राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्‘ के 150 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन, फतेहगढ़ में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों के साथ सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्‘ का सामूहिक गायन किया। पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति और एकता की भावना से सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के नेतृत्व में राष्ट्रगीत के गायन से हुआ, जिसके पश्चात उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘वंदे मातरम्‘ केवल एक गीत नहीं बल्कि यह भारत की आत्मा का स्वर है, जिसने देशवासियों के दिलों में स्वतंत्रता की लौ जगाई थी। उन्होंने कहा कि आज के समय में यह आवश्यक है कि हम अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहते हुए राष्ट्र की अखंडता और एकता को सर्वोपरि रखें। इस अवसर पर आरती सिंह ने यह भी कहा कि पुलिस बल न केवल कानून-व्यवस्था का प्रहरी है, बल्कि समाज में राष्ट्रप्रेम और सेवा की भावना को भी जीवित रखने की जिम्मेदारी निभाता है। उन्होंने सभी जवानों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने आचरण, अनुशासन और सेवा के माध्यम से राष्ट्र का गौरव बढ़ाएँ।
राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन के दौरान पुलिस कर्मियों में गहरी भावनात्मक ऊर्जा देखने को मिली। परिसर ‘वंदे मातरम्‘ और “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने इसे एक ऐतिहासिक क्षण बताया, जिसने सभी के मन में राष्ट्रीय गौरव की भावना को और अधिक प्रबल किया। कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने उपस्थित सभी कर्मचारियों और प्रशिक्षु आरक्षियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल देशप्रेम की भावना को मजबूत करते हैं, बल्कि हमें हमारे इतिहास और संस्कृति की जड़ों से भी जोड़ते हैं।