कन्नौज। विस्तारित उज्ज्वला योजना के लिए जनपद स्तरीय समिति की बैठक

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के विस्तारित चरण के तहत गठित जनपद स्तरीय उज्ज्वला योजना समिति की बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी और जनकल्याणकारी योजना है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार तक स्वच्छ ईंधन की सुविधा पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि योजना के नवीन चरण के अंतर्गत जनपद कन्नौज में जिला स्तरीय उज्ज्वला समिति का गठन किया गया है।

उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र लाभार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे। ऐसे पात्र परिवार जो अभी तक योजना का लाभ नहीं प्राप्त कर सके हैं, वे अपने निकटतम गैस एजेंसी पर आवेदन प्रपत्र भरकर जमा करें। जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि पात्रता के सत्यापन में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए।

उन्होंने कहा कि लाभार्थी आवेदन के साथ राशन कार्ड में दर्ज सभी सदस्यों के आधार कार्ड की प्रति तथा बैंक खाते की प्रति अनिवार्य रूप से संलग्न करें। प्राप्त आवेदनों का सत्यापन ग्रामीण क्षेत्रों में तहसीलदार, नगरीय क्षेत्रों में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, तथा वाहन संबंधी जांच के लिए सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी द्वारा किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना के निर्धारित मानकों के अनुरूप ही पात्र लाभार्थियों का चयन किया जाए।

बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष नरेंद्र राजपूत, महामंत्री शैलेन्द्र द्विवेदी, जिला उपाध्यक्ष विपिन द्विवेदी, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव मिश्रा सहित गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।