फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। देश के प्रथम प्रधानमंत्री और चाचा नेहरू के नाम से मशहूर पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर विभिन्न विद्यालयों में बाल दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया व सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। याकूतगंज स्थित एस. बी. पब्लिक स्कूल में बाल दिवस मेले का भव्य आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन विवेक सिंह यादव द्वारा सरस्वती माता एवं चाचा नेहरू की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित करके किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा से हुई, जिसका संचालन विद्यालय के शिक्षकों द्वारा किया गया। इसके पश्चात बच्चों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक चिकन डांस ने सभी उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। विद्यालय में विद्यार्थियों द्वारा विज्ञान प्रदर्शनी एवं आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी’ का आयोजन किया गया। विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चों ने चलने वाले (वर्किंग) मॉडलों के साथ-साथ स्टैटिक (नॉन-वर्किंग) मॉडलों का भी प्रदर्शन किया। बच्चों ने अपने मॉडलों का व्याख्यान स्वयं किया, जिसे देखकर अभिभावकों ने उनकी प्रतिभा की खूब सराहना की। विद्यालय प्रांगण में रेड हाउस, ब्लू हाउस, ग्रीन हाउस एवं येलो हाउस’ द्वारा आकर्षक दुकानों की सजावट की गई। बच्चों ने उत्साहपूर्वक खरीदारी की तथा विभिन्न व्यंजनों का आनंद लिया। इस प्रतियोगिता में ’रेड हाउस प्रथम, ब्लू हाउस द्वितीय, तथा ग्रीन हाउस तृतीय स्थान पर रहा। येलो हाउस ने भी उत्कृष्ट सहभागिता दर्ज की। बाल दिवस के अवसर पर प्रसिद्ध जादूगर गोगा द्वारा रोमांचक मैजिक शो प्रस्तुत किया गया। उन्होंने मनोरंजन के साथ-साथ जल संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता एवं मेहनत से पढ़ाई करने जैसे महत्वपूर्ण संदेश भी दिए, जिन्हें बच्चों ने बड़ी उत्सुकता से सुना।
विद्यालय चेयरमैन विवेक सिंह यादव ने सभी बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। ऐसे रचनात्मक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम बच्चों की प्रतिभा को निखारते हैं और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा तथा सभी ने बाल दिवस को यादगार बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
एस. बी. पब्लिक स्कूल में धूम धाम के साथ मना बाल दिवस, हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम
