होमगार्ड को धक्का देकर भागा, नाबालिग के अपहरण आरोप में पकड़ा गया था
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिला जेल में दाखिल करने ले जाया जा रहा एक बंदी सिपाही और होमगार्ड को चकमा देकर फरार हो गया। यह घटना देर रात की है। पुलिस ने रात भर गोपनीय तरीके से बंदी की तलाश की लेकिन उसे पकड़ने में सफलता नहीं मिल सकी।
सदर कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने ठठिया थाना क्षेत्र के जनखत गांव निवासी मोहित कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। महिला ने मोहित पर अपनी 15 वर्षीय बेटी को भगा ले जाने का आरोप लगाया था और 31 अगस्त 2025 को पुलिस को तहरीर दी थी। सदर कोतवाली पुलिस ने मोहित को 16 नवंबर को गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तारी के बाद मोहित को कोर्ट में पेश किया गया। देर रात करीब 9:30 बजे रिमांड स्वीकृत होने के बाद उसे जिला जेल में दाखिल कराने के लिए भेजा गया। एक सिपाही और एक होमगार्ड उसे बाइक पर बैठाकर जेल ले जा रहे थे। जेल से कुछ दूरी पर उनकी बाइक पंचर हो गई। होमगार्ड ने बंदी मोहित को पकड़ लिया, जबकि सिपाही पंचर बाइक को पैदल ही खींचकर जेल की ओर ले जाने लगा। रास्ते में मोहित ने होमगार्ड को बातों में उलझा लिया और अपने हाथों में बंधी रस्सी को ढीला कर लिया। जैसे ही वे जेल गेट के पास पहुंचे, मोहित ने होमगार्ड को धक्का दिया और भाग निकला। सिपाही और होमगार्ड ने उसका पीछा किया लेकिन उसे पकड़ नहीं पाए।
घटना की सूचना जेल चौकी पुलिस को दी गई, लेकिन जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती, मोहित काफी दूर निकल चुका था। देर रात की घटना होने के कारण बंदी के भागने के मामले को दबाने का प्रयास किया गया हालांकि, सोमवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों की वजह से बंदी के फरार होने की खबर फैल गई।
15 दिन पहले भी भागा था एक बंदी
कन्नौज पुलिस की सुस्ती के कारण 15 दिन पहले भी पुलिस अभिरक्षा से एक बंदी भाग निकला था। 29 अक्टूबर को सरायबहादुर मोहल्ला निवासी अवनीश उर्फ लालू को पुलिस गिरफ्तार कर कोर्ट में पेशी पर ले जा रही थी, इस बीच पुलिस कर्मियों को चकमा देकर बंदी भाग गया था। अवनीश पर युवती को भगा ले जाने का आरोप था। इस मामले में सिपाही विवेक कुमार और होमगार्ड सतीश चंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।

