बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जनपद में आमजन को शुद्ध, ताजे तथा गुणवत्तापरक खाद्य तथा पेय पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित कराये जाने एवं मिलावटी खाद्य व पेय पदार्थों के निर्माण, वितरण व बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने हेतु खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त केआदेशो के अनुपालन में प्राप्त अभिसूचना के आधार पर आज मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में, क्षेत्रीय खाद्य सुरक्षा दल द्वारा कन्नौज शहर क्षेत्र में दिबियापुर, पुलिस लाइन के पास, जयंती नगर, कन्नौज स्थित मुकीम अली पुत्र श्री शमीम अली निवासी जयंती नगर कन्नौज के कचरी निर्माण इकाई पर छापा मार कर अत्यंत अस्वच्छकर दशाओं में विक्रय हेतु और असुरक्षित रूप से रंगीन कचरी निर्मित की जा रही थी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा निरीक्षण उपरांत नियमानुसार रंगीन कचरी के तीन नमूने जांच हेतु संग्रहित किए तथा मौके पर लगभग 150 बोरी रंगीन कचरी जिसका अनुमानित वजन लगभग 30 कुन्तल होगा एवं अनुमानित बाजारी मूल्य रु० 105000/- है, नियमानुसार सीज कर मौके पर उपस्थित खाद्य कारोबार कर्ता एवं विक्रेता ऋषभ शुक्ला पुत्र आनंद कुमार शुक्ला निवासी जयंती नगर, कन्नौज की सुरक्षित अभिरक्षा रखने हेतु दिए गए।
आज संग्रहित सभी 03 नमूनों को जांच हेतु प्रयोगशाला प्रेषित किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत तद्नुसार अग्रिम कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव द्वारा इस अभियान के दौरान खाद्य कारोबार कर्ताओं सहित आम जन को रंगीन, मिलावटी तथा दूषित खाद्य पदार्थ एवं मिलावट के हानिकारक प्रभाव तथा उनके स्थानीय परीक्षण की विधियों की जानकारी देते हुए खाद्य पदार्थों के उपयोग के संबंध में जागरूक किया गया।
जनपद में आमजन को गुणवत्तापरक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जाने के उद्देश्य से मुख्यालय से प्राप्त आदेशों के अनुपालन में जिलाधिकारी महोदय के निर्देश के अनुसार अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा।

