कन्नौज : जिला निर्वाचन अधिकारी ने पत्रकारों को समझाई एसआईआर फार्म भरने की प्रक्रिया

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कलेक्ट्रेट  गांधी सभागार में आयोजित मीडिया संवाद के दौरान बताया कि जनपद में मतदाता सूची को पूर्णतः शुद्ध और त्रुटिरहित बनाए जाने के उद्देश्य से विशेष प्रागढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित है। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को और अधिक पारदर्शी बनाने तथा प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सुनिश्चित रूप से पंजीकृत कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अवगत कराया कि बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र उपलब्ध कराने की तिथि 04 नवम्बर से 04 दिसम्बर 2025 निर्धारित की गई है। निर्वाचन नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 09 दिसम्बर 2025 को किया जाएगा तथा दावे और आपत्तियाँ दाखिल करने की अवधि 09 दिसम्बर 2025 से 08 जनवरी 2026 तक रहेगी। दावे– आपत्तियों पर नोटिस जारी करने, सुनवाई, सत्यापन तथा निस्तारण का कार्य 09 दिसम्बर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक पूरा किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 07 फरवरी 2026 को किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जनपद में कुल 1522 पोलिंग स्टेशन स्थापित हैं और उतनी ही संख्या में बीएलओ की तैनाती की गई है। वर्ष 2024 की मतदाता सूची के अनुसार जनपद में 12,89,220 मतदाता पंजीकृत हैं। बीएलओ के कार्यों के प्रभावी निरीक्षण हेतु 153 सुपरवाइजर, 03 ईआरओ और 15 एईआरओ नामित किए गए हैं।           

जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि समाजवादी पार्टी द्वारा 1522, भारतीय जनता पार्टी द्वारा 1464 तथा बहुजन समाज पार्टी द्वारा 987 बूथ एजेंट नियुक्त किए गए हैं, जबकि अन्य दलों की प्रगति अभी शून्य है। उन्होंने अपील की कि प्रत्येक मतदाता यह सुनिश्चित कर ले कि उसका नाम दो स्थानों पर दर्ज न हो तथा वितरण किए गए गणना प्रपत्र पर हस्ताक्षर अवश्य करें। साथ ही, बीएलए अधिकतम 50 प्रपत्र भरवाकर जमा कर सकते हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने यह भी बताया कि ब्लॉक स्तर पर स्थापित ई–फॉर्म सबमिशन सेंटरों पर शुद्ध पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा उच्च गति इंटरनेट जैसी सभी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई है, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके। उन्होंने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के तहत जागरूकता के कार्यक्रम चलाएं जा रहे है, ताकि गणना प्रपत्र को सही जानकारी सहित भरकर समय पर जमा करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने में अपना योगदान दें।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त/ राजस्व देवेंद्र सिंह, प्रशिक्षु आईएएस अर्पित कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कटियार आदि उपस्थित रहें।