अतिरिक्त सर्किल वाले राजस्व ग्रामो के बच्चे जरुरी प्रमाणपत्रों के लिए भटक रहे
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर लेखपाल संघ ने आज जिलाधिकारी को सम्बोधित ज्ञापन देकर अपनी समस्याएं बताई। जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार व जिला महामंत्री अभिषेक द्विवेदी ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व देवेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपते हुए अनुरोध किया कि कार्यालय / पटल प्रभारी / न्यायालय / भूलेख में कार्यरत लेखपालों को उनके मूल क्षेत्र में कार्य करने हेतु तत्काल कार्यमुक्त किया जाए। वर्तमान में लेखपालों द्वारा अपने मूल क्षेत्र में कार्य किया जा रहा है, तथा 23 सितंबर को जनपद के सभी लेखपालो ने अपने अतिरिक्त क्षेत्र के प्रभार वापस कर दिये थे।
प्रदेश कार्यसमिति के निर्देश पर अतिरिक्त क्षेत्रो का प्रभार वापस कर दिए जाने के बाद जिले मे हाहाकार जैसी स्थिति है। जिले मे 761 राजस्व ग्राम हैँ और इनकी व्यवस्था के लिए 258 लेखपाल क्षेत्र सृजित किये गए है लेखपालों के नियतन और तैनाती मे भारी अंतर है। 258 के सापेक्ष महज 184 लेखपाल जिले मे कार्यरत हैँ और 74 पद रिक्त पड़े हैँ। इन खाली पड़े सर्किलो के दायरे मे लगभग 400 राजस्व ग्राम आते हैँ।
इन ग्रामो मे बसें ग्रामीणों और उनके पाल्यो को किसी भी लाभार्थी योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा। खास तौर से जेन जी और जेन अल्फ़ा अपने मूल निवास, आय, जाति, ईडब्लूएस, जैसे अत्यावश्यक प्रमाणपत्र पाने के लिए तहसीलो के चक्कर पर चक्कर लगा कर हताश निराश होकर परेशान हैं। राजस्व अधिकारियो के पास भी इस बात का कोई ठोस उत्तर नहीं है कि समस्या का समाधान क्या है?
बह्रहाल आज ज्ञापन देते समय तहसील कन्नौज अध्यक्ष शुभम मिश्रा, कोषाध्यक्ष अभिनय कुमार व जिला मीडिया प्रभारी निखिल कुमार मौजूद रहे।
