स्लीपर बसों और ओवरलोड ट्रकों पर बड़ी कार्रवाई : 11 वाहन पकड़े, 1.27 लाख रूपये का जुर्माना

फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देश पर शनिवार को जिले में परिवहन व्यवस्था को सुधारने और अवैध माल परिवहन पर रोक लगाने के लिए एक बड़ा अभियान चलाया गया। स्लीपर बसों में बिना प्रपत्र माल ढोने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चेकिंग अभियान का नेतृत्व सहायक आयुक्त (राज्य कर) सचल दल फतेहगढ़ अमित त्यागी ने किया। टीम में परिवहन विभाग और राज्य कर विभाग के अधिकारी भी शामिल रहे।अधिकारियों ने बताया कि शहर और बाहरी मार्गों पर स्लीपर बसों की बारीकी से जांच की गई। स्लीपर बसों में माल ढुलाई को लेकर कई बार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके चलते प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए इस अभियान की शुरुआत की। चेकिंग के दौरान किसी भी बस में बिना प्रपत्र माल ढोने की पुष्टि नहीं हुई, हालांकि टीम ने अन्य नियम उल्लंघनों को गंभीरता से लेते हुए बड़ी कार्रवाई की।जांच के दौरान तीन ट्रक ओवरहाइट माल के साथ पकड़े गए, जिन्हें नियमों के तहत चालान किया गया। वहीं दो ट्रक ओवरलोड पाए गए, जिन्हें तुरंत प्रभाव से सीज कर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि ओवरलोड वाहन सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनते हैं और सड़क मार्गों को भी तेजी से खराब करते हैं, इसलिए इन पर कड़ी कार्रवाई बिल्कुल जरूरी है।परिवहन विभाग की ओर से पूरे अभियान में कुल 11 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई और 1.27 लाख रूपये का भारी जुर्माना लगाया गया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान सिर्फ एक दिन की कार्रवाई नहीं है, बल्कि आगे भी इसी सख्ती के साथ ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे ताकि अवैध परिवहन, ओवरलोडिंग और कर चोरी जैसी गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।