कठिन प्रशिक्षण से गुजरने के बाद राजपूत रेजिमेंट में शामिल हुए 565 अग्निवीर एवं रिक्रूट्स

फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  कठिन प्रशिक्षण से सफलतापूर्वक गुजरने के बाद, 565 अग्निवीर एवं रिक्रुट्स मंगलवार को गौरवशाली राजपूत रेजिमेंट में शामिल हो गये।
ब्रिगडियर माईकल डिसूजा, युद्ध सेवा मेडल, कमान्डेंट, राजपूत रेजिमेंट सेंटर ने एतिहासिक करिअप्पा मैदान में इस भव्य परेड का निरीक्षण किया। परेड नेतृत्व परेड कमांडर, अग्निवीर (रिक्रूट) दुष्यंत प्रताप सिंह ने किया। अग्निवीरों के आगे बढ़ते कदमों से राजपूत रेजिमेंट परिसर गूंज उठा जिससे सभी अतिथिगण मंत्रमुग्ध हो गए।
अग्निवीर एवं रिक्रूट्स ने पूरे जोश, उत्साह, और उमंग के साथ पासिंग आउट परेड में भाग लिया। अग्निवीरों के माता-पिता और परिवारजन भी परेड के दौरान उपस्थित रहे और उनका अपने बच्चों को सैनिक वर्दी में देखने का सपना भी पूरा हुआ। अग्निवीरों ने पिछले 31 सप्ताह के दौरान, कर्तव्य निष्ठा, सम्मान और बलिदान के उच्च मूल्यों पर आधारित कठिन प्रशिक्षण प्राप्त किया और देश भर में राजपूत रेजिमेंट को विभिन्न बटालियनों में सेवा करने के लिए अपनी यात्रा शुरु करेंगे। राजपूत रेजिमेंटल सेंटर में कुल 427 अग्निवीरों और 138 प्रादेशिक सेना रिक्रूटों ने प्रशिक्षण में भाग लिया था। अग्निवीर बैच 06 से इस अवसर पर अग्निवीर (रिक्रूट) यश चौहान को ओवरऑल बेस्ट इन मेरिट के लिए बेस्ट अग्निवीर पदक से सम्मानित किया गया।
कमांडेंट, राजपूत रेजिमेंट सेंटर, फतेहगढ़ ने सभी अग्निवीर एवं रिक्कुट्स को बधाई दी और उन्हें राष्ट्र निर्माण के पथ पर संगठित रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी कहा कि राजपूत परिवार का हिस्सा बनना बड़े ही गर्व और सौभाग्य की बात है और प्रशिक्षण के दौरान जो सिखलाई मिली है उसे अब राष्ट्र हित में लाने का समय आ चुका है। उन्होंने युद्ध और सुरक्षा के बदलते तरीकों से निपटने के लिए निरंतर नई तकनीक को सीखते रहने की जरुरत पर भी जोर दिया।