बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जनपद के समस्त परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों में शैक्षिक सत्र 2025-26 के अन्तर्गत अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। परीक्षाएँ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देशानुसार पूर्ण शुचिता, अनुशासन और पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराई गईं। यह परीक्षाएं 16 दिसंबर 2025 तक संपन्न होंगी।
विद्यालयों में परीक्षा संचालन की समग्र जिम्मेदारी प्रधानाध्यापकों द्वारा सावधानीपूर्वक निभाई गई। सभी विद्यालयों में परीक्षा दो पालियों में सम्पन्न हुई— प्रथम पाली प्रातः 09:30 से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली 12:30 से 02:30 बजे तक आयोजित की गई।
प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) के छात्र-छात्राओं की सभी विषयों की मौखिक परीक्षा प्रथम पाली में आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
जूनियर स्तर (कक्षा 6 से 8) में प्रथम पाली में कला-क्राफ्ट, कृषि एवं गृह शिल्प विषय की परीक्षा कराई गई। द्वितीय पाली में कक्षा 6, 7 एवं 8 के विद्यार्थियों ने खेल, शारीरिक शिक्षा एवं स्काउटिंग विषय की परीक्षा में भाग लिया।
अर्द्धवार्षिक परीक्षा के माध्यम से बच्चों के अधिगम स्तर का मूल्यांकन करते हुए आगामी शैक्षिक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

