लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया जारी है। अब इस दौरान नए वोटरों को भी जोड़ने का काम शुरू हो गया है। जो 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं और उनका मतदाता सूची में नाम नहीं उनको मतदाता बनने का मौका मिल रहा है। ऑफलाइन या ऑनलाइन फॉर्म-6 भरना होगा। पहचान व पते से संबंधित दस्तावेज देने होंगे। एक निश्चित समय के बाद नाम मतदाता सूची में जुड़ जाएगा।
एसआईआर फॉर्म भरवाकर जमा करने का काम लगभग पूरा हो चुका है। आठ-दस फीसदी ऐसे फॉर्म बचे हैं जिनको जमा करवाना बाकी है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अभय किशोर ने बताया कि अब नए वोटरों को जोड़ने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। आवेदन आ भी रहे हैं।
उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग की वेबसाइट पर जाकर फॉर्म-6 भरकर नए वोटर के लिए आवेदन किया जा सकता है। अगर ऑनलाइन आवेदन करने में कोई दिक्कत आ रही है तो बीएलओ से संपर्क कर ऑफलाइन आवेदन करने की सुविधा है। एसआईआर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विस्थापित हुए लोगों के नाम भी जोड़े जाएंगे। इसके लिए उन मतदाताओं को फॉर्म-8 भरना होगा।
और तस्दीक करने में होगी सहूलियत
प्रशासन के अफसर ने बताया कि अभी तक 11 दिसंबर एसआईआर की आखिरी तारीख थी। इसी हिसाब से कार्य किया जा रहा था। कार्य लगभग पूरा हो चुका है। ऑनलाइन डाटा फीडिंग का भी काम तकरीबन पूरा हो चुका है। चूंकि अब दो सप्ताह का समय और मिल गया है, जिससे डाटा को तस्दीक करने में और सहूलियत मिलेगी।
कोई दिक्कत आए तो करें कॉल
अभी भी जिन्होंने एसआईआर फॉर्म भरकर जमा नहीं किया है वह भर सकते हैं। एसआईआर फॉर्म भरना हो या फिर नए वोटर बनने के लिए आवेदन संबंधी जानकारी चाहिए तो इसके लिए 0522-1950 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। हेल्पलाइन पर आयोग से संबंधित कर्मचारी पूरी जानकारी देंगे और फॉर्म भरवाने में मदद करेंगे।
अब वोटर बनने के लिए भरें फॉर्म, मतदाता सूची में जुड़ेगा नाम

