फर्रुखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो) आज दिनांक 14 दिसंबर को पांचाल घाट स्थित स्वर्गधाम पर स्वर्ग धाम सेवन की एक आवश्यक बैठक हुई जिसमें स्वर्गधाम पर फैली अव्यवस्थाओं को खत्म करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
स्वर्ग धाम पर अवैध वसूली करने वाले गैंग को खत्म होने के बाद भी उस गैंग ने अवैध रूप से अपना एक कार्यालय दीनदयाल बाग में खोल लिया और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने के नाम पर अंतिम संस्कार करने वाले लोगों को अपने कारिंदों के द्वारा बरगलाकर फिर से प्रमाण पत्र जारी करने के नाम पर हजारों रुपए की वसूली प्रारंभ कर दी थी। लगातार शिकायत मिलने पर कई बार पुलिस प्रशासन एवं जिला प्रशासन को अवगत कराया गया, पर कोई कार्रवाई न होने पर स्वर्गधाम सेवादल ने तय किया कि अब अंतिम संस्कार करने वालों के परिजनों को निःशुल्क घाट पर ही दाह संस्कार प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। जिसका कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा और आज इसकी शुरुआत भी कर दी गई। फर्रुखाबाद विकास मंच जिला अध्यक्ष भईयन मिश्रा ने कहा कि हम सब लोगों का उद्देश्य स्वर्ग धाम पर हो रही अवैध वसूली को जड़ से खत्म करना था। अंतिम संस्कार के लिए आने वाले परिजनों से विपत्ति के समय जो वसूली की जा रही थी वह बहुत गलत थी और पूर्व में इस पर पूरी तरीके से रोक लगाई गई। पर अभी भी सूचनाएं मिल रही थी कि कफन खसोट गैंग लोगों को बरगलाकर एक अवैध रूप से बनाए गए कार्यालय पर बुलाकर प्रमाण पत्र जारी करने के नाम पर हजारों रुपए की वसूली कर रहे थे। जड़ से खत्म करने के उद्देश्य से स्वर्गधाम सेवादल अवधार संस्कार प्रमाण पत्र निःशुल्क जारी करेगा। किसी से कोई अवैध वसूली नहीं होगी। स्वर्ग धाम से लगातार शिकायतें मिल रही थी कि उत्तरी तट पर अंतिम संस्कार के लिए आने वाले शवों के परिजनों के साथ में अवैध वसूली की जा रही है। उसको भी अब खत्म किया जाएगा। आज पूरी टीम उत्तरी तट पर भी पहुंची और वसूली करने वाले लोगों को बहुत हड़काया और चेतावनी दी कि जो शुल्क तय किया गया है उसके अलावा एक भी पैसा अवैध रूप से नहीं लिया जाएगा। बहुत जल्दी ही घाट पर लोगों के बैठने के लिए छाया की व्यवस्था एवं पानी पीने के लिए हैंडपंपों की व्यवस्था की जाएगी। पूरे घाट को भी साफ़ रखा जाएगा। किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं होगी।
बैठक में राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष कोमल पांडे ने कहा कि स्वर्गधाम पर किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं होगी। सनातन धर्म के अलावा अन्य संप्रदाय के लिए घाट पर जो गंदगी अराजकता फ़ैला रखी हैं इन सब को जड़ से खत्म किया जाएगा और उसके लिए बजरंग दल की पूरी टीम लगातार निगरानी करेगी। बैठक की अध्यक्षता सत्यपाल सिंह ने करते हुए कहा कि सेवादल का दायित्व स्वर्ग धाम पर व्यवस्थाओं को बनाना है। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और किसी भी प्रकार की वसूली न हो। इसके लिए निरंतर हम लोग कार्य कर रहे हैं। यदि कोई भी अवैध वसूली या अराजकता करेगा तो उसके विरुद्ध कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी। आज की बैठक में स्वर्गधाम सेवादल ने कई निर्णय लिए।
बैठक में प्रमुख रूप से रामदास गुप्ता, अनिल द्विवेदी, श्यामेंद्र दुबे, अनंतराम, कन्हैया दास, सौरभ पांडे,पंकज राठौर ,विनय दीक्षित, सुनील शुक्ला, नीरज दुबे, कुलदीप दीक्षित, अजय मिश्रा, प्रेमचंद वर्मा, राजीव वर्मा, शांतनु शाक्य, लवी सक्सेना, कुलदीप कठेरिया, पवन बाल्मीक, आदित्य वाल्मीकि सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
स्वर्ग धाम पर अवैध वसूली के खिलाफ भईयन मिश्रा ने बुलाई आवश्यक बैठक

