सीएम का बयान पीडीए की जीत का गणित : अखिलेश

लखनऊ।  (आवाज न्यूज ब्यूरो) सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को एक्स के माध्यम से कहा कि यूपी के मुख्यमंत्री स्वयं कह रहे हैं कि जो 4 करोड़ मतदाता एसआईआर के दौरान वोटर लिस्ट में शामिल नहीं किए गए हैं उनमें से 85-90 प्रतिशत भाजपा के वोटर हैं। सीएम का यह गणित तो पीडीए की जीत का अंकगणित है।
अखिलेश ने कहा कि इसका मतलब तो ये हुआ कि पीडीए प्रहरी के चौकन्ने रहने से एसआईआर में भाजपा वालों का मनमाफिक जुगाड़ नहीं हो पाया। दूसरा मतलब ये हुआ कि वोटर लिस्ट में साक्ष्यों के अभाव में हटाए गए 85-90 प्रतिशत वोटर भाजपा के निकले। यानी सारी गड़बड़ी भाजपा के वोटर कर रहे थे। सीएम के अनुसार अगर 4 करोड़ मतदाता में भाजपा के 3.40 करोड़ मतदाता कम हो गए, मतलब आगामी विधानसभा चुनाव में 403 सीटों पर भाजपा के कुल 3.40 करोड़ मतदाता कम हो गए। उन्होंने कहा कि इस तरह से भाजपा को करीब 84 हजार वोटों का नुकसान हो गया है जो जायज वोटर नहीं थे। इस तरह से भाजपा आगामी चुनाव में रेस से ही बाहर हो जाएगी। सपा अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव आयोग ने सत्ताधारी दल के नुकसान को देखकर ही 2 हफ्ते का समय बढ़ाया है, लेकिन पीडीए प्रहरी एसआईआर में अब दोगुनी सजगता से काम करेंगे और कोई गड़बड़ी नहीं होने देंगे।