फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो) जनपद में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए, जब दिनदहाड़े नकदी लेकर जा रहे एक कैश पिकअप कर्मी को बदमाशों ने गोली मारकर लाखों रुपये की नकदी लूट ली और फरार हो गए। इस वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए लोहिया अस्पताल भिजवाया गया।
कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र के ग्राम सकवाई निवासी राजेश कुमार पुत्र कप्तान लाल ने बताया कि वह कैश पिकअप का कार्य करता है। बुधवार को वह गुंजन बिहार कॉलोनी स्थित आलोक यादव की ऑनलाइन एजेंसी से नकदी लेकर बाइक से सेंट्रल बैंक फर्रुखाबाद में जमा कराने जा रहा था। जैसे ही वह गुंजन बिहार कॉलोनी की गली में पहुंचा, तभी दो बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोककर नकदी से भरा झोला लूटने का प्रयास किया। राजेश के अनुसार, विरोध करने पर बदमाशों ने अचानक उसकी कमर में गोली मार दी। गोली लगते ही वह बाइक से गिर पड़ा, जिसके बाद बदमाश नकदी से भरा झोला लेकर मौके से फरार हो गए। घायल राजेश ने बताया कि उसके झोले में लगभग 7 लाख रुपये की नगदी थी।
दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस टीम ने घायल को प्राथमिक उपचार के बाद लोहिया अस्पताल भिजवाया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना पर आईटीआई चौकी प्रभारी विशेष कुमार भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से एक कारतूस का खोखा बरामद किया है। इसके साथ ही बदमाशों का एक मोबाइल फोन भी मौके पर गिरा मिला है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल के माध्यम से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं चौकी प्रभारी ने बताया कि घटना के समय वह मौके पर मौजूद नहीं थे, क्योंकि वह न्यायालय में थे। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
कैश पिकअप कर्मी को दिनदहाड़े गोली मारी : लूटी 7 लाख की नकदी
