बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) पिछले तीन दिनों से सर्वर बाधित रहने के कारण उचित दर दुकानों पर राशन वितरण प्रभावित होने, ई-पॉश मशीन पर अंगूठा सत्यापन न हो पाने तथा कार्डधारकों की दुकानों पर अनावश्यक भीड़ की स्थिति उत्पन्न होने की सूचना प्राप्त होने पर जिलाधिकारी द्वारा तत्काल संज्ञान लिया गया।
जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार मिश्रा ने वर्तमान माह में राशन वितरण के दौरान सर्वर एवं जिओ-लोकेशन से संबंधित आ रही समस्याओं को दृष्टिगत रखते हुए विकास खण्ड कन्नौज की ग्राम पंचायत जसौली, सैयदपुर सकरी, मेंहदीगंज एवं महमूदपुर बीजा का पूर्ति निरीक्षक तथा सिस्टम इंटीग्रेटर के जनपद स्तरीय समन्वयक के साथ स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पाई गई तकनीकी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कराया गया। साथ ही कार्यदाई संस्था के राज्य स्तरीय समन्वयक से वार्ता कर जिओ-लोकेशन से संबंधित समस्या का शीघ्र एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद में वर्तमान में राशन वितरण कार्य सुचारु एवं सुगमता के साथ संचालित किया जा रहा है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

