जिलाधिकारी के निर्देश : फसलों का 31 दिसम्बर तक बीमा करबाएं केसीसी धारक किसान

फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)  जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देश पर जनपद में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) धारक किसानों की फसलों का बीमा अनिवार्य रूप से कराए जाने की तैयारी तेज कर दी गई है। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में फसल बीमा योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें उप कृषि निदेशक, समस्त बैंक कोऑर्डिनेटर, प्रबंधक जिला अग्रणी बैंक, जिला कृषि अधिकारी, फसल बीमा कंपनी के प्रतिनिधि तथा सहायक चकबंदी अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में रबी 2025-26 की फसलों के बीमा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी केसीसी धारक किसानों की फसलों का बीमा अनिवार्य रूप से कराया जाए, ताकि प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में किसानों को समय से क्षतिपूर्ति मिल सके। उन्होंने कहा कि केवल वही किसान बीमा से वंचित रहेंगे, जो लिखित रूप में फसल बीमा न कराने का आवेदन प्रस्तुत करेंगे। अधिकारियों को अवगत कराया गया कि फसल बीमा प्रीमियम जमा करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई है। बैठक के दौरान बैंक प्रतिनिधियों ने फसल बीमा पोर्टल के बार-बार बाधित होने की समस्या रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि किसी भी तकनीकी या प्रशासनिक अड़चन की सूचना तत्काल अपने उच्चाधिकारियों, उप कृषि निदेशक एवं जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को दी जाए, ताकि समस्या का शीघ्र समाधान हो सके।
बैठक में फसल बीमा कंपनी के प्रतिनिधि ने जानकारी दी कि खरीफ 2025 में बाढ़ से प्रभावित फसलों की क्षति के एवज में जनपद के 2317 किसानों को कुल 1 करोड़ 67 लाख रुपये की क्लेम राशि उनके खातों में भेजी जा चुकी है। साथ ही यह भी बताया गया कि फसल कटाई प्रयोग के अंतिम परिणामों के आधार पर यदि उपज में और कमी पाई जाती है, तो शेष पात्र किसानों को अतिरिक्त मुआवजा राशि का भुगतान भी किया जाएगा।