कन्नौज : सीडीओ ने किया जिले के कस्तूरवा विद्यालयों का निरीक्षण, सब ठीक ठाक मिला

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)  मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी ने कस्तूरबा गाँधी आवासीय विद्यालय, नसरापुर, नगर क्षेत्र कन्नौज का औचक निरीक्षण किया। 

निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कुल 93 छात्राएँ उपस्थित पाई गईं। विद्यालय परिसर की स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। छात्राओं के उपयोग हेतु निर्मित बाथरूम स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित पाए गए, उन्होंने पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को प्रदान किए। उन्होंने विद्यालय के किचन का भी निरीक्षण किया, जहाँ साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक पाई गई पर्याप्त मात्रा में खादयान उपलब्ध पाया गया। भोजन कक्ष में छात्राएँ पंक्तिबद्ध होकर अनुशासित ढंग से भोजन ग्रहण करती हुई पाई गईं। भोजन में दाल, आलू-पत्ता गोभी की सब्जी, रोटी, चावल एवं रायता एवं सलाद परोसा गया। छात्राओं से संवाद के दौरान यह भी जानकारी प्राप्त हुई कि प्रातःकाल उन्हें नाश्ते में केला, दूध, कचौड़ी एवं अचार प्रदान किया गया था।

इसके उपरांत छात्राओं की डॉरमेट्री का निरीक्षण किया गया, जहाँ ठंड के दृष्टिगत रजाइयों की पर्याप्त व्यवस्था पाई गई। डॉरमेट्री में दो खिड़कियों के शीशे टूटे पाए गए, जिन्हें शीघ्र ठीक कराए जाने हेतु वार्डन को निर्देशित किया गया।

छात्राओं के वस्त्रों की नियमित स्वच्छता हेतु विद्यालय में स्थापित वॉशिंग मशीन संचालित अवस्था में पाई गई। साथ ही विद्यालय में स्थापित आर.ओ. पेयजल प्रणाली पूर्णतः कार्यरत पाई गई, जिससे छात्राओं को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित हो रही है।

 निरीक्षण के क्रम में कंप्यूटर कक्ष का भी अवलोकन किया गया, जहाँ सभी कंप्यूटर कार्यरत अवस्था में पाए गए तथा स्मार्ट क्लास का संचालन होता हुआ मिला। विद्यालय परिसर में समग्र रूप से साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक रही। इसके पश्चात मुख्य विकास अधिकारी द्वारा कस्तूरबा गाँधी आवासीय विद्यालय, अनोगी, जलालाबाद का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की चारदिवारी क्षतिग्रस्त पाई गईं, जिस पर तत्काल संबंधित बी डीओ से वार्ता कर एक सप्ताह के भीतर मरम्मत/निर्माण कराए जाने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में टॉयलेट ब्लॉक एवं बाथरूम का निरीक्षण किया गया, जहाँ साफ-सफाई पाई गई तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। किचन का पुनः निरीक्षण किया गया, जहाँ छात्राएँ भोजन करती हुई पाई गईं।

निरीक्षण के उपरांत मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालयों की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए छात्राओं के हित में सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए जाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।