भारतीय किसान यूनियन ने कलेक्ट्रेट में दिया सांकेतिक धरना
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) यूरिया की कालाबाजारी और किसानों को इसकी अनुपलब्धता के विरोध में किसान संगठन के सदस्यों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने नारेबाजी की और सांकेतिक धरना भी दिया।
भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के जिलाध्यक्ष शमीम सिद्दीकी के नेतृत्व में सोमवार को संगठन के सदस्य कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने परिसर में नारेबाजी करते हुए धरना दिया। जिलाध्यक्ष ने बताया कि यह प्रदर्शन संगठन के हाईकमान के निर्देश पर किया गया। यह मूल रूप से 21 दिसंबर को होना था, लेकिन रविवार होने के कारण इसे 22 दिसंबर को आयोजित किया गया।
धरने पर बैठे किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि किसानों को यूरिया नहीं मिल पा रही है, जबकि अधिकारी पर्याप्त स्टॉक होने का दावा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दुकानों पर खाद की कालाबाजारी की जा रही है, जिससे किसान परेशान हैं। इसके अतिरिक्त, ग्रामीण क्षेत्रों में अन्ना पशुओं का आतंक फिर बढ़ गया है, जो फसलों को नष्ट कर रहे हैं। किसानों ने प्रशासन से अन्ना पशुओं की समस्या का समाधान करने की मांग की।
कोल्ड स्टोरेज के भाड़े के मुद्दे पर जिलाध्यक्ष शमीम सिद्दीकी ने कहा कि अधिकारी हर बार भाड़ा बाद में तय करते हैं, जिससे कोल्ड मालिक किसानों से अधिक किराया वसूलते हैं। उन्होंने मांग की कि आलू भंडारण शुरू होने से पहले ही भाड़ा निर्धारित किया जाए। इसके अलावा, उन्होंने प्रशासन से फर्जी बीज बेचने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ ठोस कार्रवाई करने की अपील की। उन्होंने मुख्यमंत्री के उस आदेश का भी जिक्र किया जिसमें नकली बीज बेचने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की बात कही गई है। इस मौके पर मतीन खान, अकील फारूकी, निजामुद्दीन खान, फखरे आलम, श्रीकांत शुक्ला, साजिद हुसैन, सत्यम प्रजापति और आशीष तिवारी सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।

