कन्नौज: चौधरी चरण सिंह की जयंती पर किसान सम्मान दिवस का आयोजन

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो) उप निदेशक कृषि संतोष कुमार ने जनपद के समस्त कृषक बन्धुओं को अवगत कराया है कि विगत वर्षों की भाँति इस वर्ष भी भूतपूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर 23 दिसम्बर को “किसान सम्मान दिवस-2025” के रूप में किसान सम्मान समारोह, वृहद किसान मेला एवं सह प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है।

यह कार्यक्रम जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पूर्वान्ह 11:00 बजे से कलेक्ट्रेट परिसर में सम्पन्न होगा। कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग सहित कृषि समावेशी विभागों एवं अन्य संबंधित विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहकर विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी कृषकों को प्रदान करेंगे।

साथ ही कृषि वैज्ञानिकों द्वारा वैज्ञानिक पद्धति से कृषि की आधुनिक शस्य प्रक्रियाओं पर परिचर्चा की जाएगी तथा कृषकों की कृषि कार्य से संबंधित समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी स्टॉल लगाकर उन्नत तकनीकों, नवीन योजनाओं एवं संसाधनों के माध्यम से कृषकों को जागरूक किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त जनपद एवं विकास खण्ड स्तर पर कृषि, उद्यान, मत्स्य एवं पशुपालन सहित अन्य कृषि समावेशी क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य एवं उल्लेखनीय उत्पादन करने वाले प्रगतिशील कृषकों को सम्मानित भी किया जाएगा।

उप निदेशक कृषि ने जनपद के समस्त किसानो से अपील की है कि वे इस कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करें तथा आयोजित किसान सम्मान दिवस-2025 का भरपूर लाभ उठाएँ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *