बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व० चौधरी चरण सिंह के जन्म दिवस के अवसर पर किसान सम्मान दिवस का आयोजन कलेक्ट्रेट स्थित अटल स्मृति पार्क में भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ विधायक तिर्वा कैलाश राजपूत, जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी तथा भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया द्वारा संयुक्त रूप से चौधरी चरण सिंह के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाएं गये स्टाॅलो का निरीक्षण भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पशुपालन के तहत आत्मा योजनान्तर्गत पशु पालकों को प्रथम पुरस्कार धनराशि-7000 प्रति कृषक, के कुल 04 पशु पालक व द्वितीय पुरस्कार हेतु धनराशि 5000 प्रति कृषक, के कुल 04 पशु पालक एवं खण्ड विकास स्तर पर 2000 प्रति कृषक, के कुल 08 पशु पालकों, तथा जनपद स्तर पर सर्वाधिक उत्पादन प्राप्त करने वाले प्रथम पुरस्कार धनराशि-7000 प्रति कृषक, के कुल 04 कृषक व द्वितीय पुरस्कार धनराशि-5000 प्रति कृषक, के कुल 04 किसानो एवं ब्लाक स्तर पर धनराशि 2000 प्रति कृषक, के कुल 08 किसानो को पुरुस्कार व प्रशस्ति पत्र एवं अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
इसी प्रकार मत्स्य विभाग द्वारा जनपद स्तर पर प्रथम 04, द्वितीय 04 एवं ब्लाक स्तर पर 08 लाभार्थी, एवं उद्यान विभाग द्वारा औद्योगिक उत्पादन हेतु प्रथम 04 कृषक, द्वितीय 04 कृषक एवं ब्लाक स्तर पर 08 लाभार्थियों को शाल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही उद्योग विभाग की विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अन्तर्गत 10 लाभार्थियों को टूलकिट का वितरण कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विधायक तिर्वा कैलाश राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि स्व० चौधरी चरण सिंह ने अपना सम्पूर्ण जीवन किसानों के उत्थान के लिए समर्पित किया है। उनके योगदान को स्मरण करते हुए प्रत्येक वर्ष किसान सम्मान दिवस मनाया जाता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा स्व० चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने पर आभार व्यक्त किया तथा कहा कि वर्तमान केन्द्र एवं प्रदेश सरकार किसानों, गरीबों और समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के कल्याण हेतु निरन्तर कार्य कर रही है। वर्ष 2017 में जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी जी बने है तब से उत्तर प्रदेश को विकास के पथ लाने का कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में अब उत्तर प्रदेश भारत का प्रथम विकसित प्रदेश बन गया है। उन्होने गुंडाराज को जड़ से खत्म करने का भी कार्य अच्छे से किया है। उन्होने कहा कि जब हम भारत की आजादी के 100 वर्ष पूर्ण होने पर जश्न मना रहे होगें, उस समय भारत दुनिया का प्रथम विकसित देश बन चुका होगा।जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कहा कि किसान सम्मान दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों, ट्रैक्टर, ड्रोन, सोलर पंप, उन्नत बीज, दवाइयों एवं नवीन तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, खेत तालाब योजना, फसली ऋण वितरण आदि का अधिक से अधिक लाभ लें। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता किया जा रहा है। अब योजनाओं का लाभ आनलाइन पोर्टल, डीबीटी एवं खुले तौर पर ई-लॉटरी के माध्यम से दिया जा रहा है। जागरूकता एवं सहभागिता से ही जनपद का सर्वांगीण विकास संभव है। प्रदेश सरकार किसानों के हित में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बेहतर कार्य कर रही हैं, जिससे आप लोगो को उपज का वाजिब मूल्य मिल रहा हैं। गाॅंव में किस तरीके से डेवलपमेन्ट हो रहा है, इसकों आॅनलाइन पोर्टल के माध्यम से देखा जा सकता है। अब सभी का कार्य पूर्ण पारदर्शिता के साथ कियें जा रहें हैं। हमें दृढ़ संकल्पित होना होना चाहिए कि हम जागरूक रहेंगे, होगें तों निश्चित रूप से गांव का विकास होगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 चौधरी चरण सिंह ने किसानो के हित में अनेक कार्य किये हैं। उन्होने पटवारी व्यवस्था खत्म कर लेखपाल व्यवस्था लागू की। उन्होने जो चिराग देने का कार्य किया है, वह निरन्तर यूं ही जलता रहेगा।
मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी ने कहा कि स्व० चौधरी चरण सिंह किसानों की समस्याओं के समाधान हेतु सदैव अग्रणी रहे। वर्तमान सरकार किसानों की आय वृद्धि, उत्पादन बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरन्तर कार्य कर रही है। उन्नत एवं शोधित बीजों के प्रयोग से उत्पादन में निश्चित रूप से वृद्धि होगी।
उप निदेशक कृषि संतोष कुमार ने स्व० चौधरी चरण सिंह के जीवन एवं विचारों पर प्रकाश डालते हुए कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऋण मोचन योजना के अन्तर्गत 63,963 कृषकों का 386.11 करोड़ रुपये का ऋण माफ किया गया है। पीएम-कुसुम योजना के अन्तर्गत 541 सोलर पंप स्थापित किए गए हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में पिछले 7 वर्षों में 48,975 कृषकों को 16.33 करोड़ रुपये का लाभ मिला है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 2,95,302 कृषकों को अब तक 950.68 करोड़ रुपये डीबीटी के माध्यम से प्रदान किए जा चुके हैं।
इसके अतिरिक्त खेत तालाब योजना, पं० दीनदयाल उपाध्याय किसान समृद्धि योजना, कृषि यंत्र वितरण, निःशुल्क बीज मिनीकिट, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, फसली ऋण वितरण, एग्रीजंक्शन योजना, कृषक उत्पादक संगठन, किसान पाठशाला, मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम, डिजिटल क्रॉप सर्वे, फार्मर रजिस्ट्री, कृषि कल्याण केन्द्रों की स्थापना तथा नमामि गंगे योजना के अन्तर्गत जैविक खेती जैसे कार्यक्रमों की प्रगति से कृषकों को अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को उन्नत बीज, कीट प्रबंधन, सिंचाई, जोताई, रोपाई एवं आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी भी प्रदान की गई। किसान सम्मान दिवस-2025 का आयोजन किसानों के सम्मान, जागरूकता एवं समृद्धि की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।
इस अवसर पर संबंधित विभाग के अधिकारीगण, प्रतिनिधिगण एवं भारी संख्या में किसान बन्धु उपस्थित रहे।