बृजेश चतुर्वेदी
तिर्वा। (आवाज न्यूज ब्यूरो) कोतवाली क्षेत्र के बहसार गांव में जमीन के नीचे तेल और डीजल होने के दावे के बाद खुदाई का काम शुरू हो गया है। मंगलवार सुबह एक टीम ने गांव पहुंचकर खेतों का निरीक्षण किया। हालांकि, स्थानीय एसडीएम ने इस घटना को महज एक अफवाह बताया है।
जानकारी के अनुसार, एक कार में सवार होकर चार लोग बहसार गांव पहुंचे। उन्होंने खेतों का निरीक्षण किया और गांव निवासी आमीन पुत्र रफुक के गेहूं की खड़ी फसल वाले खेत में चार जगहों पर निशान लगाए। टीम के सदस्यों ने किसानों को बताया कि जमीन के नीचे तेल और डीजल निकलने की संभावना है, जिसके लिए बोरिंग की जाएगी।
शुरुआत में किसान आमीन ने खुदाई का विरोध किया। इस पर टीम के सदस्यों ने उन्हें आश्वासन दिया कि यदि खुदाई के बाद कोई खनिज पदार्थ निकलता है, तो किसान को उसकी फसल और खेत दोनों का उचित मुआवजा दिया जाएगा।
इस आश्वासन के बाद किसान ने खुदाई की अनुमति दे दी। किसानों की सहमति मिलने के बाद, टीम ने मजदूरों को लगाकर बोरिंग के लिए खुदाई शुरू करा दी। इस पूरे मामले पर जब स्थानीय प्रशासन से संपर्क किया गया, तो एसडीएम ने इसे महज एक अफवाह बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी कोई आधिकारिक जानकारी या पुष्टि नहीं है।