राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 : आरटीओ एंव यातायात पुलिस का संयुक्त जागरूकता अभियान

फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)  “राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026” के अवसर पर जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं आमजन को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी यातायात एवं यातायात पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर संयुक्त जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस अभियान का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी यातायात अभय वर्मा, यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार, एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत एवं पुलिस फतेहगढ़ द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न प्रमुख चौराहों, सड़कों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के दौरान दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों, ई-रिक्शा व ऑटो चालकों, बस एवं ट्रक चालकों सहित आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन, सड़क सुरक्षा के महत्व तथा सुरक्षित व जिम्मेदार ड्राइविंग व्यवहार के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों द्वारा लोगों को बताया गया कि सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण यातायात नियमों की अनदेखी, जल्दबाजी, लापरवाही, ओवरस्पीडिंग तथा नशे की अवस्था में वाहन चलाना है।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि प्रत्येक नागरिक यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करे, तो सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है और अनमोल मानव जीवन की रक्षा संभव है। अभियान के दौरान लोगों को नियमों के पालन के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए। दोपहिया वाहन चालकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने तथा बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष रूप से जागरूक किया गया। चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का प्रयोग सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया। नशे की हालत में वाहन न चलाने, तेज गति से वाहन न चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने की सख्त हिदायत दी गई। गलत दिशा में वाहन चलाने, रेड लाइट जंप करने एवं यातायात संकेतों की अवहेलना से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाया जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत चलाया जा रहा यह अभियान जनपद में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहा है, जिससे भविष्य में दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।