कड़ाके की शर्दी में दुर्वासा ऋषि आश्रम के महंत ईश्वर दास ब्रह्मचारी जी महाराज ने गरीबों को बांटे कंबल

फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)  कड़ाके की शर्दी में मानवता और सेवा भावना की एक सराहनीय मिसाल सामने आई है। दुर्वासा ऋषि आश्रम के महंत ईश्वर दास ब्रह्मचारी जी महाराज ने रात्रि के समय शहर के विभिन्न इलाकों में पहुंचकर गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए।
कंबल वितरण कार्यक्रम के अंतर्गत रेलवे स्टेशन, मदर इंडिया कोल्ड, लोहाई रोड, लालगेट सहित अन्य स्थानों पर सड़कों और फुटपाथों पर ठंड से जूझ रहे लोगों को कंबल प्रदान किए गए। अचानक मिली इस सहायता से जरूरतमंदों के चेहरों पर राहत और मुस्कान देखने को मिली।
महंत ईश्वर दास ब्रह्मचारी जी महाराज ने इस अवसर पर कहा कि “ठंड के मौसम में जरूरतमंदों की सेवा करना ही सच्ची भक्ति है। जब तक समाज का अंतिम व्यक्ति सुरक्षित और सम्मान के साथ नहीं जीता, तब तक सेवा का उद्देश्य अधूरा है।” उनके इस संदेश ने उपस्थित लोगों को भी सेवा कार्यों के लिए प्रेरित किया। स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों ने इस रात्रिकालीन सेवा अभियान की जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि जब अधिकांश लोग अपने घरों में सुरक्षित होते हैं, उस समय सड़क पर सो रहे गरीबों तक पहुंचकर कंबल बांटना सच्ची मानवता का परिचायक है।
इस सेवा कार्य से न केवल जरूरतमंदों को ठंड से राहत मिली, बल्कि समाज में आपसी सहयोग और संवेदनशीलता का संदेश भी प्रसारित हुआ। दुर्वासा ऋषि आश्रम द्वारा आगे भी ऐसे सेवा कार्य जारी रखने की बात कही गई है।