फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो) श्रद्धा और आस्था के महापर्व मेला रामनगरिया में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा मजबूत और सराहनीय चिकित्सा व्यवस्था की गई है। मेला क्षेत्र में प्रतिदिन लगभग 500 मरीजों का उपचार किया जा रहा है, जिनमें सर्दी, खांसी, दर्द, खुजली सहित अन्य मौसमी बीमारियों से पीड़ित श्रद्धालु शामिल हैं।
मेला परिसर में तैनात डॉ. अपूर्वा शुक्ला और डॉ. सुमित सिंह अपनी सेवाएं पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ दे रहे हैं। इनके साथ फार्मासिस्ट आलोक कटियार, निधि मिश्रा एवं रण सिंह भी लगातार मरीजों को दवाइयां उपलब्ध करा रहे हैं। स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए मेला रामनगरिया में शिफ्टवार व्यवस्था लागू की गई है।
प्रथम शिफ्टः सुबह 9 बजे से 3 बजे तक
द्वितीय शिफ्टः दोपहर 3 बजे से रात 9 बजे तक
इसके अलावा, रात के समय एवं आपात स्थितियों में 24 घंटे डॉक्टर और दवाइयां उपलब्ध रखी गई हैं, जिससे किसी भी श्रद्धालु को इलाज के लिए भटकना न पड़े। खास बात यह है कि एलोपैथिक चिकित्सा के साथ-साथ मेला क्षेत्र में होम्योपैथी और आयुर्वेदिक चिकित्सक भी मौजूद हैं, जिससे श्रद्धालु अपनी सुविधा अनुसार उपचार प्राप्त कर रहे हैं। इस समन्वित चिकित्सा व्यवस्था की श्रद्धालुओं द्वारा खूब सराहना की जा रही है।
श्रद्धालुओं का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में मरीजों के बावजूद समय पर उपचार और दवाइयों की उपलब्धता से उन्हें काफी राहत मिल रही है। स्वास्थ्य विभाग की यह पहल मेला रामनगरिया को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में एक अहम कदम साबित हो रही है।
मेला रामनगरिया में मौजूद स्वास्थ्य सुविधाओं से लाभान्वित हो रहे सैकडों मरीज

