कन्नौज : आईजीआरएस की फीडिंग और निपटान के लिये कार्यशाला आयोजित

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो) आज कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (आई.जी.आर.एस.) की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु उप जिलाधिकारी अविनाश कुमार गौतम की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला संपन्न हुई। इस कार्यशाला में आई जी आर एस लिपिक अनूप सक्सेना द्वारा जनपद के समस्त विभागों के लिपिकों एवं कंप्यूटर ऑपरेटरों को आई.जी.आर.एस. पोर्टल पर संदर्भों की फीडिंग, ससमय निस्तारण और फीडबैक की बारीकियों के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। 

 कार्यशाला को संबोधित करते हुए उप जिलाधिकारी ने दो टूक शब्दों में निर्देश दिए कि आई.जी.आर.एस. निस्तारण में जनपद की रैंकिंग को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा जाए और सभी संबंधित कर्मी कार्यशाला में दी गई तकनीकी जानकारियों को पूरी गंभीरता के साथ अमल में लाएं।

 उन्होंने जोर देकर कहा कि आई.जी.आर.एस. संदर्भों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, क्योंकि जन-सामान्य का विश्वास और संतुष्टि ही सुशासन की असली आधारशिला है। कहा कि विभागों के निस्तारित प्रकरणों में प्राप्त नकारात्मक फीडबैक कि यह स्थिति विभागीय कार्यप्रणाली में गंभीर शिथिलता और नागरिकों की अपेक्षाओं की अनदेखी को दर्शाती है। उन्होंने  निर्देश दिए कि शिकायत का निस्तारण केवल कागजी खानापूर्ति तक सीमित न रहे, बल्कि अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर जाकर शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करें और समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि आई.जी.आर.एस. जैसे संवेदनशील कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गुणवत्तापूर्ण सेवा प्रदान न करने वाले उत्तरदायी कर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।