कन्नौज: इंजीनियरिंग के छात्रों को सिखाये गए मतदाता बनने के और तरीके

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)  जनपद में निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार  स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सुदृढ़ करने हेतु निरंतर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। 

इसी क्रम में डिप्टी कलेक्टर नवनीता राय एवं जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज द्वारा संयुक्त रूप से राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज तिर्वा में अध्ययनरत विद्यार्थियों को मतदाता जागरूकता के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नए मतदाता के रूप में पंजीकरण की संपूर्ण प्रक्रिया के बारे में अवगत कराया गया। उन्हें बताया गया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके छात्र-छात्राएं ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। ऑनलाइन पंजीकरण हेतु वोटर हेल्पलाइन ऐप एवं निर्वाचन आयोग की वेबसाइट की जानकारी दी गई, वहीं ऑफलाइन प्रक्रिया के अंतर्गत फॉर्म-6 भरने की विधि समझाई गई। इसके साथ ही विद्यार्थियों को कल प्रकाशित होने वाली मतदाता सूची के सम्बन्ध में सूचित किया गया तथा बताया गया कि मतदाता सूची के प्रकाशन के पश्चात नागरिक अपने नाम की जांच कर सकते हैं और आवश्यकतानुसार सुधार हेतु आवेदन कर सकते हैं।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को निष्पक्ष, निर्भीक एवं जिम्मेदार मतदान के महत्व से अवगत कराते हुए कहा गया कि युवा मतदाता लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव होते हैं। सभी विद्यार्थियों से आग्रह किया गया कि वे स्वयं मतदाता बनें तथा अपने परिवार एवं समाज के अन्य पात्र नागरिकों को भी मतदाता बनने के लिए प्रेरित करें।