फर्रुखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो) जनपद फर्रुखाबाद से गुजरने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या NH-730C इन दिनों आम जनता के लिए काल साबित हो रहा है। सड़क पर पसरा अंधेरा और प्रशासनिक अनदेखी के कारण यह हाईवे ‘डेथ जोन’ में तब्दील हो चुका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सीधे देश के प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का दरवाजा खटखटाया है।
’आलू विकास एवं विपणन सहकारी संघ लि.’ के निदेशक और वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक कटियार द्वारा प्रधानमंत्री को भेजे गए पत्र में चौंकाने वाले खुलासे किए गए हैं। पत्र के अनुसार, इस हाईवे पर प्रतिदिन दो से तीन लोगों की मौत हो रही है। दर्जनों लोग घायल होकर अपाहिज हो रहे हैं। इस खूनी खेल की मुख्य वजह हाईवे पर रोड लाइटों का न जलना बताया गया है।
हैरानी की बात यह है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की सभी सड़कों और स्ट्रीट लाइटों को सुव्यवस्थित करने के सख्त निर्देश दिए थे। इसके बावजूद, स्थानीय अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। पत्र में स्पष्ट रूप से आरोप लगाया गया है कि अधिकारियों की यह लापरवाही ‘आपराधिक कृत्य’ की श्रेणी में आती है, जिससे न केवल जनता की जान जा रही है, बल्कि सरकार की छवि को भी गहरा धक्का लग रहा है।
अंधेरे में डूबा हाईवे, बेलगाम रफ्तार
NH-730C पर रात के समय दृश्यता शून्य के बराबर हो जाती है। स्ट्रीट लाइटें बंद होने के कारण वाहन चालकों को सड़क का अंदाजा नहीं मिल पाता, जिससे भीषण भिड़ंत हो रही है।

