डीएम ने स्वामी विवेकानंद जयंती की पूर्व संध्या पर युवाओं को दिया राष्ट्र निर्माण का मंत्र

फर्रुखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो) स्वामी विवेकानंद जी की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार को ऑफिसर्स क्लब में ’समवेत’ संस्था द्वारा एक विशेष बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी उपस्थित रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में अपर जिलाधिकारी दिनेश कुमार और उपजिलाधिकारी सदर रजनीकांत कुमार ने भी सहभागिता की। बैठक का शुभारंभ अतिथियों द्वारा स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया गया।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि विवेकानंद जी के विचार केवल किताबी नहीं, बल्कि जीवन जीने की पद्धति हैं। उन्होंने ’समवेत’ संस्था से आह्वान किया कि वे अपनी गतिविधियों के माध्यम से युवा शक्ति को सकारात्मक कार्यों और राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ें। उन्होंने जोर दिया कि जनपद के विकास में युवाओं की सहभागिता अनिवार्य है। अपर जिलाधिकारी दिनेश कुमार ने संस्था के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक होना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सदस्यों को प्रोत्साहित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नेतृत्व क्षमता विकसित करें और प्रशासन के साथ मिलकर जनहित के कार्यों को गति दें। उपजिलाधिकारी रजनीकांत कुमार ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए कहा कि युवाओं को ’उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको’ के संकल्प को आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने सरकारी योजनाओं को पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाने में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। बैठक में विवेकानंद जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तैयार की गई। डीएम और एडीएम ने विशेष रूप से संस्था के सदस्यों को अपने जनपद को गौरवान्वित करने और बेहतर कार्य संस्कृति विकसित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनिल प्रताप सिंह ने की।
इस दौरान संस्था के संस्थापक भूपेन्द्र प्रताप सिंह समेत अवनींद्र सिंह, शरद चंदेल, विमल राठौर, गूंजा जैन, अमित सक्सेना, वैभव सोमवंशी, वैभव सिंह राठौर, रश्मि सिंह, जसवीर कौर, निहारिका पटेल, शांतनु कटियार, विशाल श्रीवास्तव, शिवम मिश्रा, अभिनय दीक्षित, स्मृति अग्निहोत्री, आस्तिकी मिश्रा, अरविंद दीक्षित, सत्यनारायण, अजय चौहान, अंजली चौहान, दुर्गा नारायण सिंह, गौरव तिवारी, आकिब खांन आदि सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक के अंत में संस्था के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।