कन्नौज : एक सप्ताह में औद्योगिक गलियारे की भूमि खरीद का काम पूर्ण करें: एडीएम

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)  अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) देवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में औद्योगिक गलियारा परियोजना, गांवों के जले हुए अभिलेखों के पुनर्निर्माण तथा सर्वेक्षण एवं अभिलेख क्रिया के अंतर्गत चल रहे सर्वेक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में औद्योगिक गलियारा विकसित किए जाने के उद्देश्य से तहसील तिर्वा के ग्राम अलीपुर अहाना को चिन्हित किया गया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के अंतर्गत कुल 111.2450 हेक्टेयर भूमि क्रय किए जाने का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके सापेक्ष अब तक 653 भू-स्वामियों से 63.49 हेक्टेयर भूमि का सफलतापूर्वक क्रय किया जा चुका है। शेष 236 भू-स्वामियों से 47.74 हेक्टेयर भूमि क्रय की प्रक्रिया में अपेक्षित प्रगति न होने पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की और नायब तहसीलदार को एक सप्ताह के भीतर भूमि क्रय की कार्यवाही पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी तथा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण न होने की स्थिति में जवाबदेही तय की जाएगी।

सर्वेक्षण एवं अभिलेख क्रिया के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ग्राम गदनपुर बद्दू एवं कटरी रायपुर लड़ैता के अंतिम अभिलेखों की प्रथम प्रति तैयार हो चुकी है, अतः प्रपत्र-14 की द्वितीय प्रति दिनांक 31 जनवरी  तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कर प्रपत्र-15 का कार्य प्रारंभ किया जाए। इसी प्रकार ग्राम चांदपुर कछोहा में प्रपत्र-7 का कार्य चालू माह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही जिन ग्रामों में जले हुए अभिलेखों के पुनर्निर्माण का कार्य प्रगति पर है, वहां कार्य में और अधिक तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

बैठक में उप जिलाधिकारी सदर न्यायिक/ सहायक अभिलेख अधिकारी नवनीता राय सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।