कन्नौज: उत्तर प्रदेश दिवस, मतदाता दिवस और गणतंत्र दिवस पर भव्य तरीके से हो आयोजन : डीएम

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)  जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में आगामी उत्तर प्रदेश दिवस (24 जनवरी), राष्ट्रीय मतदाता दिवस (25 जनवरी) तथा गणतंत्र दिवस (26 जनवरी 2026) के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को भव्य, गरिमामय एवं सकुशल सम्पन्न कराए जाने के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

 बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रम शासन की गाइडलाइन के अनुरूप परंपरागत उत्साह, देशभक्ति एवं जनसहभागिता के साथ मनाए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए  कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर जनपद के समस्त शासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों, चिकित्सालयों, प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं शिलापटों की साफ-सफाई समय से पूर्ण कर ली जाए। कहा कि सही से, सही समय से व सही समय तक राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि ध्वज पूर्णतः स्वच्छ एवं अक्षत हो।

 जिलाधिकारी ने ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में स्थित शहीद स्मारकों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई कर श्रद्धापूर्वक माल्यार्पण कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि पंचायतों, नगर निकायों एवं जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि समस्त विद्यालयों की साफ-सफाई कराते हुए खेल प्रतियोगिताएं, मैराथन दौड़, भारतीय संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम, नाटक एवं राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत कवि सम्मेलन आयोजित कराए जाएं। जिला क्रीड़ा अधिकारी द्वारा क्रॉस कंट्री रेस का भी आयोजन अच्छे से किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए गए कि समस्त चिकित्सालयों की साफ-सफाई सुनिश्चित करते हुए मरीजों को फल एवं मिष्ठान का वितरण किया जाए। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को सभी नगर निकायों में विशेष स्वच्छता अभियान, प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण तथा देशभक्ति गीत-संगीत की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम पंचायत सचिवालयों को सजाकर कार्यक्रम आयोजित कराने, जिला समाज कल्याण अधिकारी को वृद्धाश्रमों में सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं फल-मिष्ठान वितरण, जिला दिव्यांगजन अधिकारी को दिव्यांगजनों को सम्मानित कर सहायक उपकरण वितरित करने तथा पशु चिकित्साधिकारी को समस्त गौशालाओं में स्वच्छता कराते हुए गोवंश को गुड़, चना एवं फल खिलाने के निर्देश दिए।

 जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जल निगम, वन, उद्यान, स्वास्थ्य, पंचायती राज, शिक्षा, कृषि, उद्योग, एनआरएलएम, जिला प्रोबेशन विभाग सहित अन्य विभाग अपनी-अपनी विकास योजनाओं एवं उपलब्धियों से संबंधित झांकियां, स्टॉल एवं प्रदर्शनी लगाकर आमजन को जानकारी प्रदान करें।

बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि आईजीआरएस संदर्भों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से किया जाए। सभी अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में प्रातः 10 बजे उपस्थित रहकर फरियादियों की समस्याएं सुनें एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े। साथ ही फॉर्मर रजिस्ट्री के मामलों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।

 बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) देवेन्द्र सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सदर सुश्री वैशाली, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, जिला विकास अधिकारी नरेन्द्र देव द्विवेदी, परियोजना निदेशक डीआरडीए राम औतार सिंह, उप निदेशक कृषि संतोष कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।