कन्नौज: सदर तहसील में समाज कल्याण मंत्री तो तिर्वा में विधायक ने सुनी जन शिकायतें

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) समाज कल्याण विभाग असीम अरूण की अध्यक्षता में तहसील सदर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन संपन्न हुआ। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 74 शिकायतों मे से 09 शिकयतों का निस्तारण मौके पर किया गया।

 मंत्री ने जनता की समस्याओं को बहुत ही गंभीरता के साथ सुनने के उपरांत उनका निराकरण करने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए कहा कि फरियादी अपनी समस्या के समाधान के उद्देश्य से ही आता है, इसलिए जनता की समस्याओ का समाधान करना हम सबके लिए सर्वाेपरि है। कोई भी फरियादी तहसील दिवस व किसी भी कार्यालय से निराश होकर नहीं जाना चाहिए। चकरोड/तालाब/पशुचर आदि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे जैसी शिकायत आती है तो संबंधित लेखपाल तत्काल मौका मुआयना कर जांच आख्या दे और सरकारी भूमि को खाली कराया जाए। उन्होंने कहा कि फरियादी को पारदर्शिता के आधार पर न्याय दिया जाए, जब तक फरियादी द्वारा दी गई शिकायत के समाधान से वह संतुष्ट न हो जाएं तब तक शिकायत का समाधान नहीं माना जाएगा। 

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी , ज्वांइट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सदर सुश्री वैशाली, तहसीलदार सदर (आईएएस) अर्पित कुमार सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

दूसरी ओर विधायक तिर्वा कैलाश राजपूत व जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में तहसील तिर्वा में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन सम्पन्न हुआ। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 132 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 21 प्रकरणों का निस्तारण मौके पर किया गया।

 सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर आमजन की सुविधा हेतु चिकित्सा विभाग द्वारा जागरूकता एवं सेवा शिविर भी लगाए गए। इस दौरान ओपीडी में 67 मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श व औषधि प्रदान की गई। साथ ही 08 वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान 07 काश्तकारों के द्वारा खतौनी में नाम संशोधन हेतु प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया। जिस पर उन्होनें तत्काल कार्यवाही कराते हुये सम्बन्धित व्यक्तियों की शिकायत का निस्तारण कराते हुये सम्बन्धित शिकायतकर्ताओं का सही नाम दर्ज करवाकर उद्धरण खतौनी उपलब्ध करायी गयी। इसके अतिरिक्त आवेदिका सरोज श्रीवास्तव पुत्री स्व० विष्णुदयाल श्रीवास्तव की पारिवारिक मूल पेंशन पर मंहगाई भत्ता दिलाये जाने हेतु दिये गये प्रार्थना पत्र के कम में शिकायत का त्वरित निस्तारण करवाया गया एवं राशन कार्ड से सम्बन्धित 02 शिकायतों ( सावित्री पत्नी चन्द्रभान सिंह नि० पट्टी मजरा सतसार,  गुड्डी बानो पत्नी मो० असलम नि० उमरीपुर मजरा बनगंवा) का त्वरित निस्तारण किया गया।