विश्वगुरु की आत्मप्रशंसापूर्ण कूटनीति को एक और झटका : कांग्रेस

‘‘अमेरिका-पाक के संयुक्त सैन्य अभ्यास पर भडक़ी कांग्रेस‘‘
नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो)
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने शनिवार को अमेरिकी और पाकिस्तानी सेनाओं के संयुक्त सैन्य अभ्यास किए जाने के बाद केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि इस अभ्यास ने भारत की विदेश नीति की विफलता को उजागर किया है। पाकिस्तान और अमेरिकी सेनाओं ने इंस्पायर्ड गैम्बिट-2026 नामक संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू किया था।
रमेश ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा,स्वयं को विश्वगुरु कहने वाले भारत की आत्मप्रशंसापूर्ण कूटनीति को एक और झटका देते हुए अमेरिकी केंद्रीय कमान ने अभी-अभी एक बयान जारी किया है जिसमें कहा गया है कि अमेरिकी और पाकिस्तानी सेना के सैनिकों ने इंस्पायर्ड गैम्बिट नामक संयुक्त प्रशिक्षण अभ्यास पूरा कर लिया है। कांग्रेस सांसद ने अपनी पोस्ट में लिखा, जून 2025 में तत्कालीन अमेरिकी केंद्रीय कमान प्रमुख जनरल माइकल कुनिला ने आतंकवाद विरोधी अभियानों में पाकिस्तान को एक असाधारण सहयोगी बताया था। राष्ट्रपति ट्रंप ने खुद फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के लिए अपनी गहरी प्रशंसा बार-बार जताई, जिनकी भडक़ाऊ और सांप्रदायिक रूप से उत्तेजक टिप्पणियों ने 22 अप्रैल, 2025 को पहलगाम में पाकिस्तान की ओर से रचित आतंकी हमलों की पृष्ठभूमि तैयार की थी। कल ही, राष्ट्रपति ट्रंप ने दोहराया कि उन्होंने 10 मई, 2025 को ऑपरेशन सिंदूर को रुकवाने के लिए हस्तक्षेप किया था।