लखनऊ। (आवाज न्यूज ब्यूरो) यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि गुजराती बनारस को ठगने आए हैं। बनारस की जनता अब और शोषण बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर मूर्ति तोडी नहीं गई थी तो उसे दिखाने में हर्ज क्या था? उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को मणिकर्णिका घाट जाना था लेकिन जब उन्हें पता चला कि वहां गडबडी हो चुकी है तो लौट गए।
कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार हिंदुत्व की विरोधी है अब वह हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करने पर आमादा है। भाजपा का दंभ ही उसके लिए काल बनेगा। भाजपा को माता अहिल्याबाई होलकर की मूर्ति तोडने का पाप लगेगा। भाजपा के लोग ना राम के हैं और ना ही शिव के। वे व्यापारी हैं और जहां उन्हें मुनाफा दिखता है इस दिशा में काम करते हैं।

