मॉक ड्रिल के दौरान नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों द्वारा छोटी आग पर नियंत्रण हेतु फायर एक्सटिंग्विशर का प्रयोग किया जाएगा
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के निर्देशानुसार उत्तर प्रदेश दिवस एवं नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती के अवसर पर जनपद कन्नौज में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित, समन्वित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया की तैयारी को परखना तथा जनसामान्य को जागरूक करना है।
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने बताया कि मॉक ड्रिल का आयोजन कल दिनांक 23 जनवरी को पुलिस लाइन में अपरान्ह 4:00 बजे से 5:00 बजे तक प्रथम चरण, 5:00 बजे से 6:00 बजे तक द्वितीय चरण तथा सायं 6:00 बजे चिन्हित स्थलों पर पूर्ण ब्लैक आउट के रूप में किया जाएगा। निर्धारित समय पर हवाई हमले की चेतावनी के रूप में 2 मिनट तक ऊँची-नीची आवाज में सायरन बजाया जाएगा। सायरन बजते ही चिन्हित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित कर पूर्ण ब्लैक आउट किया जाएगा तथा नागरिकों द्वारा सुरक्षित स्थानों एवं शेल्टरों में शरण ली जाएगी। खतरा समाप्त होने पर “ऑल क्लीयर” सायरन बजाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल के दौरान नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों द्वारा छोटी आग पर नियंत्रण हेतु फायर एक्सटिंग्विशर का प्रयोग किया जाएगा तथा अग्निशमन विभाग द्वारा फायर टेंडर के माध्यम से बड़ी आग बुझाने का अभ्यास किया जाएगा। घायल व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा, गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया जाएगा तथा ध्वस्त अथवा क्षतिग्रस्त भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह अभ्यास पूरी गंभीरता, अनुशासन एवं वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप किया जाए। पुलिस विभाग को शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, स्वास्थ्य विभाग को प्राथमिक चिकित्सा, एम्बुलेंस व चिकित्सा शिविर, पशुपालन विभाग को पशुओं के उपचार एवं आश्रय, नगर पालिका व पंचायती राज विभाग को पेयजल, स्वच्छता एवं मोबाइल शौचालय, विद्युत विभाग को निर्धारित समय पर ब्लैक आउट एवं त्वरित विद्युत बहाली, अग्निशमन विभाग को आग नियंत्रण प्रदर्शन तथा परिवहन विभाग को सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, पीआरडी, नेहरू युवा केन्द्र एवं नागरिक सुरक्षा कोर के समस्त वार्डेन ( चीफ वार्डेन, डिप्टी चीफ वार्डेन, डिविजनल एवं समस्त सेक्टर वार्डेन) के स्वयंसेवक को आपदा मित्र सुरक्षा किट के साथ सहभागिता करने एवं जनमानस को ब्लैक आउट के दौरान क्या करें–क्या न करें की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की कि मॉक ड्रिल के दौरान विद्युत आपूर्ति बंद होने पर घबराएं नहीं और प्रशासन का सहयोग करें।

