बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने एस आई आर के अन्तर्गत नो मैपिंग श्रेणी के मतदाताओं के नोटिसों की सुनवाई प्रक्रिया का तहसील कन्नौज में स्थलीय निरीक्षण किया। यह सुनवाई दिनांक 21 जनवरी से आरम्भ हुई है जिसमें सम्बन्धित सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा सुनवाई कर नियमानुसार निस्तारण किया जा रहा है।
इसी क्रम में सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी राकेश कुशवाहा, नायब तहसीलदार, जलालाबाद के न्यायालय कक्ष का निरीक्षण किया गया, जिसमें बूथ संख्या-336, 337 के बी०एल०ओ० व 12 मतदाता उपस्थित थे तथा बूथ संख्या-346, 347 के कुल 28 मतदाताओं द्वारा नोटिसों के सापेक्ष अपने-अपने अभिलेख प्रस्तुत कर रहे थे, इसी प्रकार भारत कुमार मौर्य, नायब तहसीलदार, कन्नौज द्वारा अपने न्यायालय कक्ष में सुनवाई की जा रही थी। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा निर्देश दिए गए कि नोटिस की सुनवाई नियम विहित प्रक्रिया के अनुसार गुणवत्ता पूर्ण की जाए। किसी भी मतदाता को कोई परेशानी न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए। अनावश्यक रूप से किसी मतदाता को रोका न जाए। बैठने, स्वच्छ जल की व्यवस्थाएं की जाए।
उन्हें यह भी निर्देशित किया गया कि आयोग द्वारा निर्धारित 13 अभिलेखों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। साथ ही उन्होने बताया कि पुरुषों के अनुपात में महिलाओं की संख्या कम हुई है। इस सम्बन्ध में उपस्थित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी व सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को निर्देशित किया गया कि जनपद के जेण्डर रेशियो में अपेक्षित सुधार हेतु महिला मतदाताओं का पंजीकरण अधिक से अधिक कराया जाए, जिसमें युवा महिला मतदाताओं की संख्या अधिक होने पर जनपद के जेण्डर रेशियों में अपेक्षित सुधार आ पाएगा। वर्तमान में जनपद का जेण्डर रेशियों 805 है।
इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/ उप जिलाधिकारी सदर सुश्री वैशाली, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विनीत कटियार सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

