सड़क सुरक्षा, मतदाता जागरूकता रैली और क्रास कंट्री रेस भी आयोजित
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त के संदेश का सजीव प्रसारण देखा एवं सुना गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार द्वारा जागरण पब्लिक स्कूल, कन्नौज की छात्रा अनविता द्वारा प्रस्तुत सोलो डांस तथा मायादेवी इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना व गोमती देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा मतदाता गीत एवं कानपुर पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा मतदान के महत्व पर आधारित नुक्कड़ नाटक की सराहना करते हुए प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जनपद के प्रथम बार मतदाता बने 21 युवाओं को मतदाता पहचान पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। साथ ही दिव्यांग मतदाता अमित कुमार एवं सौरभ को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। जनपद स्तरीय स्लोगन प्रतियोगिता में एस.बी.एस. इंटर कॉलेज, कन्नौज के छात्र नैतिक वैश्य ने प्रथम स्थान, सुशीला देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज की मुस्कान बी. ने द्वितीय स्थान तथा गोमती देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज की मुस्कान सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
जनपद स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में सुशीला देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज की गरिमा पटेल ने प्रथम, गोमती देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज की पलक ने द्वितीय एवं एस.बी.एस. इंटर कॉलेज, कन्नौज के नैतिक पाठक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं जनपद स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में गोमती देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज की शांति मौर्य ने प्रथम, मुस्लिम मोहम्मदिया इंटर कॉलेज के मो. कामिल ने द्वितीय एवं एस.बी.एस. इंटर कॉलेज, कन्नौज के अली हसन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को सम्मानित किया गया।
विशेष गहन पुनरीक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ—196 विधानसभा छिबरामऊ की विमला देवी, 197 विधानसभा तिर्वा के विजय कुमार त्रिपाठी तथा 198 विधानसभा कन्नौज की रामादेवी को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित मतदाताओं को शपथ दिलाते हुए कहा कि इस वर्ष 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जा रहा है। मतदान प्रतिशत बढ़ाने एवं लैंगिक अनुपात में सुधार हेतु स्वीप, रैलियों एवं जागरूकता कार्यक्रमों का व्यापक आयोजन किया गया है, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग स्वच्छ, शुद्ध एवं अद्यतन निर्वाचक नामावली तैयार करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है और पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी व त्रुटिरहित ढंग से संपादित किया जा रहा है।
इस अवसर छात्र छात्राओं द्वारा मतदाता जागरूकता रैली को उप जिला निर्वाचन अधिकारी देवेन्द्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता हेतु वाहन को अपर जिलाधिकारी न्यायिक विजय कुमार मिश्र ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विजय कुमार मिश्र, स्वीप प्रभारी/ एसडीएम सदर नवनीता राय, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कटियार सहित अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

