बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो) राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जनपद में मतदाता जागरूकता को सशक्त बनाने हेतु कलेक्ट्रेट परिसर में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत विभिन्न विकासखंडों की शिक्षक-शिक्षिकाओं की टीमों ने सहभागिता करते हुए मताधिकार के महत्व को रेखांकित करती हुई आकर्षक एवं संदेशपरक रंगोलियों का सृजन किया।
प्रतिभागी टीमों द्वारा विभिन्न मनोहारी रंगों के सृजनात्मक संयोजन के माध्यम से “मतदान—लोकतंत्र की मजबूती” का सशक्त संदेश आम जनमानस तक पहुँचाया गया। जिलाधिकारी श्री आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार द्वारा रंगोलियों का अवलोकन किया गया तथा प्रतिभागियों की रचनात्मकता की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई।निर्णायक समिति द्वारा गहन मूल्यांकन के उपरांत सौरिख विकासखंड को प्रथम स्थान, कन्नौज विकासखंड को द्वितीय स्थान एवं जलालाबाद विकासखंड को तृतीय स्थान प्रदान किया गया। विजेता एवं स्थान प्राप्त विकासखंडों की टीमों को अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विजय कुमार मिश्र, जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कटियार एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार द्वारा मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त गुगरापुर, उमर्दा एवं हसेरन विकासखंडों की टीमों को सांत्वना पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में आशुतोष दुबे, एस.आर.जी. अमित मिश्रा, संजीव कटियार, अतुल कुमार दीक्षित सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से मतदाता जागरूकता को नई दिशा मिली तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाने का सार्थक प्रयास किया गया।

