कन्नौज : जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर लगा आरोग्य मेला, सीएमओ ने भी किया परीक्षण

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)  आज जनपद के समस्त 33 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं 03 नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला का सफल आयोजन किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० स्वदेश गुप्ता के निर्देशानुसार नोडल अधिकारी मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला डॉ० जितेन्द्र कुमार, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा समस्त अपर मुख्य चिकित्साधिकारियों द्वारा प्राथमिक एवं नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।

मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले के दौरान आम जनमानस को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं, जिनमें रोगियों की जाँच एवं उपचार, बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का नियमित टीकाकरण, परिवार कल्याण सेवाएं, हैपेटाइटिस “बी” एवं “सी” की जाँच, टी०बी० संभावित रोगियों की स्क्रीनिंग, नेत्र परीक्षण तथा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत गोल्डन कार्ड निर्माण जैसी सुविधाएं शामिल रहीं।

आज आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में कुल 1845 मरीजों को लाभान्वित किया गया, जिनमें 846 पुरुष, 731 महिलाएं एवं 268 बच्चे शामिल हैं। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 19 गोल्डन कार्ड बनाकर पात्र लाभार्थियों को वितरित किए गए। प्रत्येक स्वास्थ्य केन्द्र पर चिकित्सकों के साथ-साथ पर्याप्त संख्या में पैरामेडिकल कर्मी भी उपस्थित रहे, जिससे मेले का संचालन सुचारू रूप से सम्पन्न हुआ।