ब्रह्मा बाबा को स्मृति दिवस पर किया नमन : जीवन में अनुसरण का दिया संदेश

फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो) फतेहगढ स्थिति जेएनवी रोड पर ब्रह्मा कुमारीज केंद्र पर ब्रह्मा बाबा का स्मृति दिवस श्रद्धा, शांति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में समाज, प्रशासन और राजनीति से जुड़े कई विशिष्ट जनों ने सहभागिता कर ब्रह्मा बाबा के आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में आरती सिंह उपस्थित रहीं। उनके साथ भाजपा जिला महामंत्री डी.एस. राठौर, सुमन राठौर, मजिस्ट्रेट नागभूषण पाठक, एसपीए के वरिष्ठ अधिकारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस अवसर पर एसपी आरती सिंह ने कहा कि भारत की संस्कृति आदिकाल से ही “सर्वे भवंतु सुखिनः” की भावना पर आधारित रही है। उन्होंने कहा कि जब-जब कोई बाहरी व्यक्ति इस देश में आया, भारत ने उसे अपनाया। लेकिन आज के समय में विकास के विरोधाभासी स्वरूप के कारण मानव जीवन में अंधेरा और बाहरी चमक बढ़ती जा रही है, जिससे सामाजिक विभाजन गहराता जा रहा है। उन्होंने कहा कि अपने मूल जीवन-मूल्यों की ओर लौटना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है, तभी सनातन संस्कृति की रक्षा संभव है। इस दिशा में ब्रह्माकुमारी जैसी संस्थाएं समाज को जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि आज की दुनिया में रास्ते उलझे हुए प्रतीत होते हैं, लेकिन माउंट आबू से निकलने वाला शांति और सुख का मार्ग आज भी मानवता को दिशा दिखा रहा है। उन्होंने कहा कि ध्यान योग और राजयोग के माध्यम से आंतरिक शक्ति प्राप्त की जा सकती है। ब्रह्मा बाबा के तन द्वारा परमात्मा शिव ने ज्ञान योग की जो ज्योति प्रज्वलित की, वह आज विश्व के कोने-कोने में प्रकाश फैला रही है। इस अवसर पर उन्होंने ध्वजारोहण भी किया।
कायमगंज विधायक डॉ सुरभि ने कहा कि वे स्वयं को सौभाग्यशाली मानती हैं कि उन्हें ब्रह्मा बाबा के स्मृति दिवस पर उपस्थित होने का अवसर मिला। उन्होंने सभी को शांति, संयम और सद्भाव का संदेश देते हुए ब्रह्मा बाबा के जीवन मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।
केंद्र संचालिका बीके सुमन ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी सहयोग बनाए रखने की कामना की। इस अवसर पर देवेंद्र सिंह राठौर, नागभूषण पाठक, वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी श्रीमती सुमन राठौर ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का समापन शांति, आत्मचिंतन और आध्यात्मिक ऊर्जा के वातावरण में हुआ, जहां उपस्थित जनों ने ब्रह्मा बाबा के आदर्शों को जीवन में उतारने का संकल्प लिया।