महाशिवरात्रि पर मंदिर कमेटी के साथ व्यवस्था देखने आपदा मित्र
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में आगामी पर्वों के दृष्टिगत कानून व्यवस्था एवं शान्ति समिति की बैठक के दौरान कहा है कि 01 फरवरी 2026 को माघी पूर्णिमा पर्व एवं संत रविदास जयन्ती है, जिसको ध्यान में रखते हुए समस्त प्रकार की तैयारी अभी से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा है कि माघी पूर्णिमा पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मेंहदी घाट पर स्नान हेतु आते है। माघी मेले की सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, पार्किंग, विद्युत, गोताखोर,बैरिकेडिंग, मोबाइल शौचालय आदि की व्यवस्थायें समय से पूर्ण कर ली जाये।
उन्होंने कहा कि घाट पर सुव्यवस्थित टॉयलेट, चेंजिंग रूम एवं लाइट की व्यवस्था तथा घाट की सफाई अच्छे से हो जानी चाहिए। घाट पर बैरिकेडिंग जाल होने के साथ ही उसपर झंडे लगे होने चाहिए। उन्होंने कहा है कि गोताखोर टीम के साथ ही आपदा मित्रों की भी ड्यूटी मेले में लगाई जाए। मेले में मेडिकल टीम की भी तैनानी की जाएं। पार्किंग एवं ट्रैफिक प्लान की तैयारी पहले से ही कर ली जाए। डीएम ने कहा कि प्रभागीय वानिकी अधिकारी से समन्वय स्थापित कर गंगा आरती का भी भव्य आयोजन कराया जाये। उन्होने निर्देश दिये कि घाट पर गंदगी नहीं दिखनी चाहिए।
आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कहा है कि
संत रविदास जयंती के को ध्यान में रखते हुए जनपद में संत रविदास एवं अन्य महापुरूषो के स्थलों व सफाई अच्छे से हो जानी चाहिए। उन्होंने कहा है कि दिनांक 04 फरवरी को शब-ए-बरात को ध्यान में रखते हुए जनपद के विभिन्न मजारों/कब्रिस्तानों पर साफ-सफाई एंव प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि महाशिवरात्रि के अवसर पर अधिक भीबड़ भाड़ वाले मंदिरों पर स्वास्थ्य कैम्प का आयोजन किया जाये। महाशिवरात्रि पर मंदिरों में आपदा मित्रों की ड्यूटी लगाई जाएं। मंदिर कमेटी के साथ महाशिवरात्रि पर व्यवस्था देखने में आपदा मित्रों से काम लिया जाएगा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) देवेंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, उप जिलाधिकारी सदर सुश्री वैशाली सहित अन्य संबंधित अफसर उपस्थित रहे।

