कन्नौज : न्यायिक कामकाज की समीक्षा में दो तहसीलदार और पांच नायब तहसीलदारों को फटकार

कारण बताओ नोटिस, तिर्वा का एक कर्मचारी निलम्बित

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)  जनपद में राजस्व वादों की समीक्षा के दौरान  जनपद के समस्त राजस्व न्यायालयों में धारा-34 के कुल 4987 वाद लंबित पाए गए, जिसमें एक वर्ष से अधिक पुराने 888 वाद, तीन वर्ष से अधिक पुराने 234 वाद तथा पांच वर्ष से अधिक पुराने 34 वाद सम्मिलित हैं, जो न्यायिक कार्यप्रणाली में अपेक्षित गति न होने की ओर संकेत करते हैं।

समीक्षा में यह भी पाया गया कि नायब तहसीलदार, जलालाबाद के न्यायालय में धारा-34 के अंतर्गत कुल 378 वाद लंबित हैं, जिनमें एक वर्ष से अधिक पुराने 76 वाद, तीन वर्ष से अधिक पुराने 27 वाद तथा पांच वर्ष से अधिक पुराने 07 वाद शामिल हैं। पांच वर्ष से अधिक अवधि से लंबित वादों की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री द्वारा नायब तहसीलदार, जलालाबाद को कड़ी चेतावनी जारी करते हुए स्पष्टीकरण तलब किया गया है।

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने धारा-34 के अंतर्गत वादों का निर्धारित समय-सीमा में निस्तारण न किए जाने के संबंध में तहसीलदार/तहसीलदार (न्यायिक), छिबरामऊ एवं तिर्वा तथा नायब तहसीलदार, कन्नौज, तालग्राम, तिर्वा एवं हसेरन से भी स्पष्टीकरण मांगा।

 उन्होंने समीक्षा में पाया कि तहसील तिर्वा के न्यायालय में धारा-34 के अंतर्गत वादों का समय से निस्तारण न होने के कारण एक कर्मचारी को निलंबित करते हुए उसके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही की गई है।

     जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि राजस्व वादों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, तथा इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में समीक्षा के दौरान प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर और कठोर प्रशासनिक कार्यवाही की जाएगी।