कन्नौज : सरकार चाहती है सोना नही पीतल के गहने पहनें लोग : अखिलेश

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)  ‘सरकार नहीं चाहती कि कोई गरीब व्यक्ति अपनी बेटी की शादी में जेवर खरीद सके। भाजपा चाहती है कि सभी लोग पीतल के जेवर पहनें। जब से भाजपाई सोना खरीदकर रखने लगे, तब से सोने के दामों में महंगाई आ गई।’

यह बात पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कन्नौज में कही। वह गुरसहायगंज में पार्टी नेता अनिल आर्य के घर पहुंचे थे। सोने-चांदी के बढ़ते दाम को लेकर उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला।

वहीं, यूजीसी के सवाल पर गोलमाल जवाब देते हुए कहा- अरे इसे छोड़िए। अभी सरकार एक ऐसा कानून लाने वाली है, जिसके बाद हम-आप जो कुछ भी खरीदेंगे, उसका हिसाब सरकार के पास होगा।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक बार फिर कोरोना वैक्सीन का नाम लिया। कहा- सुनने में आया है कि जिन लोगों ने वैक्सीन लगवाई, उनकी मौतें हुईं। सरकार ऐसे लोगों की गिनती कराए और इसे सेंसेस में भी शामिल करना चाहिए, जिससे इस पर रिसर्च हो सके।

सरकार को जातिवार गणना करानी चाहिए

उन्होंने कहा- विधानसभा चुनाव में हमारा एक ही मुद्दा होगा और वो है, भाजपा हटाओ। सरकार को जातिवार गणना भी करानी चाहिए।

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम की मौत की जांच हो

 अखिलेश यादव ने कहा- महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार की प्लेन हादसे में मौत की उच्चस्तरीय जांच की जाए। जब घटनास्थल पर विजिबिलिटी 3 किलोमीटर थी, तो फिर यह दुर्घटना कैसे हुई?

साथ ही हवाई जहाज बनाने वाली कंपनी की भी जांच हो। उस कंपनी ने इतनी जल्दी कैसे इतने सारे जहाज बना दिए? सच्चाई सामने आनी चाहिए।